Sat, 02 Apr 2022
फर्रुखाबाद से अनवरगंज जा रही पैसेंजर ट्रेन से अन्ना मवेशियों का झुंड टकरा गया। इमरजेंसी ब्रेक लगाकर चालक ने ट्रेन रोकी। इससे ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची। सात मवेशियों की हादसे में मौत हो गई। ट्रेन आधे घंटे तक खड़ी रही।
कुत्ते शवों को नोचते रहे। प्रधान और आरपीएफ के पहुंचने के बाद ट्रैक खाली हुआ, जिसके बाद ट्रेन रवाना हुई। शनिवार सुबह करीब पांच बजकर 50 मिनट पर फर्रुखाबाद-कानपुर अनवरगंज पैसेंजर ट्रेन शेखपुर गुमटी संख्या 138-सी के पास से गुजर रही थी।
इसी वक्त रेलवे लाइन पार कर रहा अन्ना मवेशियों का झुंड ट्रेन से टकरा गया। तेज आवाज और चीख पुकार होने पर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इससे ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची। सात अन्ना मवेशियों की मौत हो गई और एक घायल हो गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ शव कानपुर-फतेहगढ़ मार्ग पर जा गिरे। सूचना पर प्रधान और आरपीएफ टीम फर्रुखाबाद से मौके पर पहुंची। शवों को रेलवे ट्रैक से हटाया गया। करीब आधे घंटे बाद ट्रैक साफ होने पर ट्रेन को रवाना किया गया। कुत्तों के झुंड ने मवेशियों के शवों को नोंचना शुरू कर दिया।
सुबह करीब 10 बजे एडीओ पंचायत शैलेंद्र त्रिपाठी, प्रधान रामसेवक व दरोगा हेमंत कुमार ने शवों को खाई में डलवाकर मिट्टी डलवा दी। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश शाक्य ने घायल मवेशी का इलाज कर गोशाला भिजवाया। आरपीएफ इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार ने बताया कि फोर्स मौके पर गया था। सात अन्ना मवेशियों की मौत हुई है और एक घायल था। उधर, प्रधान रामसेवक के मुताबिक, सुबह ट्रेन की चपेट में आने से चार मवेशियों की मौत हुई है।
लखनऊ-अहमदाबाद एक्सप्रेस से भी टकराया मवेशी
शेखपुर गुमटी संख्या 138-सी के पास दोपहर करीब तीन बजे लखनऊ-अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेन से भी एक मवेशी टकरा गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेस ट्रेन करीब पांच मिनट तक खड़ी रही
