कानपुर में घटिया इंटरलाकिंग सड़क निर्माण को नगर निगम ने पकड़ा, विधायक ने पहुंचकर लगाई फटकार, कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने के निर्दश
Tue, 19 Apr 2022
कानपुर के बर्रा दो डबल स्टोरी में मंगलवार दोपहर 100 मीटर बनी इंटर लाकिंग सड़क की जांच करने पहुंची नगर निगम की तीन सदस्यीय टीम को गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण मिला। लोगों की शिकायत पर कुछ ही देर में विधायक महेश त्रिवेदी पहुंच गए और जनता के बीच ठेकेदार और जेई को फटकार लगा एक्सईएन से फर्म को ब्लैकलिस्ट कराने के निर्देश दिए।
बर्रा दो में मार्च माह में आठ लाख की लागत से नगर निगम के ठेकेदार पप्पू भदौरिया ने 100 मीटर की इंटरलाकिंग सड़क का निर्माण कराया था। स्थानीय लोगों का आरोप था कि ठेकेदार ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ मिलकर सड़क मानक के विपरीत बनाई है। साथ ही नाली को नाले से नीचे कर दिया गया है, जिससे नाली का पानी नाले में नहीं जा सकता है। बारिश में जलभराव की समस्या होगी। इसकी शिकायत लोगों ने विधायक महेश त्रिवेदी से की थी। विधायक ने 30 मार्च को नगर निगम को पत्र भेजकर सड़क की जांच कराने के निर्देश दिए थे।
इसके लिए अधिकारियों की एक टीम गठित हुई,जिसमें नगर निगम जोन-6 के अधिशासी अभियंता आरके सिंह, जोन-3 के सहायक अभियंता सतीष चंद्र कमल और तकनीकी सलाहकार एमए चिश्ती शामिल थे। तीनों ने मंगलवार दोपहर मौके पर पहुंचकर जांच की। तीन जगह इंटरलाकिंग निकवाकर उसके मानक देखे गए। इस दौैरान उन्हें गुणवत्ताहीन कार्य मिला। इसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने विधायक को फोन पर दी। कुछ देर में विधायक पहुंचे औैर गाड़ी से उतरते ही ठेकेदार पप्पू भदौरिया को जमकर भटकारा। उसके बाद जेई को भी फटकार लगाई और अधिशासी अभियंता को ठेकेदार की फर्म को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर कार्रवाई नहीं होगी तो वह अपने अनुसार कार्रवाई कराएंगे।
