घाटमपुर सड़क हादसा: तीन और घायलों की मौत, मरने वालों की संख्या पहुंची छह, दो की मौके पर ही मौत
Tue, 19 Apr 2022
कानपुर में घाटमपुर हाईवे पर रविवार रात बरातियों से भरी वैन की ट्रक में भीषण भिड़ंत के बाद सोमवार को हैलट में इलाज के दौरान घायल तीन महिलाएं जिंदगी से जंग हार गईं। हादसे में अब तक छह मौतें हो चुकी हैं। वैन चालक समेत तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। शेष छह बरातियों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के सूखापुर गांव निवासी रामपाल नागर के बेटे सनी की बरात रविवार रात 10 वैन और दो लोडरों में सवार होकर बर्रा विश्वबैंक की ओर जाने को निकली थी। बरातियों से भरी एक वैन के मुगलरोड पर हथेरुआ मोड़ के पास पहुंचते ही भोगनीपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से आमने सामने की भिड़ंत हो गई थी। हादसे में सूखापुर निवासी वैन चालक वीरू संखवार (22), उसके रिश्तेदार बौना उर्फ लालाजी (24) और सुगंज गांव निवासी सुतलू (50) की मौके पर मौत हो गई थी।
9 घायलों में बिधनू, शिवगंज निवासी भूरी (50), उनकी बहू खुशबू (30), फत्तेपुर नौरंगा निवासी सत्तो उर्फ उर्मिला (50), कानपुर देहात के पुखरायां निवासी फूला (45), उनका बेटा राजकुमार (17), चकेरी निवासी ज्योति (30), उनका बेटा ललित (5), नौबस्ता उस्मानपुर निवासी बबलू (30), सुगंज गांव निवासी मंटोरा उर्फ सुशीला देवी (48) को पुलिस ने हैलट में भर्ती कराया था। सोमवार को इनमें से भूरी, ज्योति व मंटोरा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में अब तक हुई छह मौतों से पोस्ट मार्टम हाउस में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।मौजूद परिवारों के बीच कोहराम मचा रहा। शवों का पोस्ट मार्टम कराने के बाद परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार कराया।
बेटियों के सिर से उठ गया माता-पिता का साया
हादसे में जान गंवाने वाले दंपती सुगंज गांव निवासी सुतलू व मंटोरा की पांच बेटियां हैं। इनमें से दो की शादी हो चुकी है। तीन बेटियों में गुलशन (16), नीलम (13) व स्वाति (12) का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्हें ढांढस बंधाने आने वाले लोगों की आंखें भी बेटियों की हालत देख कर नम हो गईं। स्वाति मानसिक रूप से बीमार है। माता पिता का उनके सिर से साया उठा जाने पर अब परिजनों को उनके पालन पोषण की फिक्र सता रही है।
