कानपुर l केडीए में अभियंताओं की मिलीभगत से अवैध निर्माण कोई नया मामला नहीं है लेकिन इस बार अवैध निर्माण को लेकर एक्शन हुआ है. इस बार कार्रवाई की जद में आए हैं केडीए में जोन दो के अवर अभियंता संजय गौतम. इन अवर अभियंता के कार्यक्षेत्र मेे जब क्रॉस चेकिंग कराई गई तो हकीकत सामने आ गई. नतीजा यह हुआ कि अब अवर अभियंता के खिलाफ आरोप पत्र (चार्जशीट) गठित शासन को कार्रवाई के लिए ब्योरा भेजा गया है.
केडीए उपाध्यक्ष की इस कार्रवाई से फिलहाल प्राधिकरण के अभियंताओं में हड़कंप मचा हुआ है. दरअसल, जोन दो में लगातार अवैध निर्माण को लेकर शिकायतें मिल रहीं थीं. इसको लेकर उपाध्यक्ष ने प्राधिकरण के ही सीनियर अफसरों की टीम गठित कर क्रॉस चेकिंग कराई. इस क्रॉस चेकिंग में सारी हकीकत सामने आ गई. जांच के दोरान कई निर्माण स्वीकृत मानचित्र के विपरीत पाए गए. जांच रिपोर्ट में यह कहा गया कि अवर अभियंता संजय गौतम ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की. रिपोर्ट में प्राथमिक तौर पर अवैध निर्माणों में उनकी मिलीभगत होने की भी बात कही गई. इसकी वजह से जहां तेजी से अवैध निर्माण हुए, वहीं प्राधिकरण को भी आर्थिक नुकसान हुआ. इसके बाद केडीए सचिव की तरफ से अवर अभियंता संजय गौतम के खिलाफ आरोप पत्र( चार्जशीट) गठित कर शासन को विभागीय कार्रवाई के लिए इसे भेज दिया गया l
21.50 भूमि पर अवैध निर्माण किए ध्वस्त
इन सबके बीच केडीए ने बुधवार को तकरीबन 21.50 बीघा जमीन पर अवैध निर्माण और प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया. केडीए की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, ग्राम सकरापुर की आराजी संख्या 375, 391, 392 व अन्य की लगभग 10 बीघा भूमि पर बब्लू, भूपेन्द्र, सुनील यादव की तरफ से किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया. वहीं ग्राम सकरापुर की लगभग 04 बीघा भूमि पर बजरंगपुरम फेस-1 के नाम से एक्सिस अर्थ होम प्रा.लि. के द्वारा बनायी जा रही अनाधिकृत कालोनी को ध्वस्त कर दिया गया. इसके अलावा यहीं पर 3 बीघा भूमि पर अराध्या एक्सिस प्रा.लि. द्वारा बजरंगपुर नाम से बनायी जा रही अनाधिकृत कालोनी को ध्वस्त किया गया l
2022-04-20
