कानपुर के स्वरूप नगर थाना क्षेत्र में एलएलआर अस्पताल से संबद्ध बालरोग अस्पताल के स्पेशल न्यू बार्न केयर यूनिट में भर्ती नवजात के स्वजन और तीमारदारों ने ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ संग अभद्रता व गाली-गलौज और सुरक्षाकर्मियों संग मारपीट की। पुलिस ने सिस्टर इंचार्ज की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।
अस्पताल के सिस्टर इंचार्ज राज कुमार ने थाने में दी तहरीर में बताया कि अपर इंडिया शुगर एक्सचेंज जच्चा बच्चा अस्पताल में महिला का प्रसव हुआ था। नवजात की तबियत बिगड़ने पर उसे स्पेशल न्यूबार्न केयर यूनिट में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार की रात को नवजात के तीमारदारों से अंदर जाने को लेकर कुछ कहा सुनी हुई। जिसके बाद स्वजन और तीमारदारों ने नर्सिंगस्टाफ संग अभद्रता और गाली-गलौज की थी। सिक्योरिटी गार्डों ने इसका विरोध किया तो तीमार दारों ने उनके साथ मारपीट की। जिस पर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी स्वरूप नगर धनंजय पांडेय ने बताया कि सिस्टर इंचार्ज की तहरीर पर गाली-गलौज, मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
