एसडीएम सदर व सीओ ने कस्बा रूरा के संकीर्ण हो रहे तालाबों में पक्के खड़े भवन की स्थिती देख कर कब्जेदारों की सूची बनाकर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं बस स्टाप चौराहे के पास निर्माणाधीन आरओबी की खराब सड़क व फुटपाथ तक कब्जेदारों से लग रहे जाम से निजात के लिए पैदल भ्रमण कर पेटी आदि सामानों को हटाने के लिए निर्देशित किया।
बस स्टाप चौराहे के पास एप्रोच मार्ग के दायरे में आ रही भूमिगत पाइपलाइन की हटाकर खोदाई के बाद डाली गई नई पाइप लाइन से सड़क बेहद ऊबड़ खाबड़ हो गई है। ऐसे में बीते दो दिनों से दो ट्रैक्टर पलट चुके है जबकि शनिवार सुबह ट्रैक्टर की ट्राली का गुल्ला टूटने से हादसा होते होते बचा। इस दौरान चोकर भरे ट्रैक्टर को खाली कराकर दूसरे वाहन से ले जाने के बाद रास्ता खाली हो पाया। इससे कई घंटे तक जाम की स्थिति रही। इन्हीं समस्याओं को लेकर एसडीएम बागीश शुक्ला, सीओ प्रभात सिंह, ईओ पवन किशोर मौर्य, सेतु निगम के साइड इंचार्ज राहुल श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष अखिलेश जायसवाल, कस्बा इंचार्ज प्रभाकर यादव ने बस स्टाप चौराहे से अकबरपुर रोड तक निरीक्षण किया। इस दौरान खुले नालों को देख एसडीम ने नाराजगी जताकर तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए। सेतु निगम से आवागमन सड़क के ऊबड़ खाबड़ सही कराकर समतल कराने के लिए कहा। उधर, एसडीएम सदर ने थाने के पास कुम्हारन तालाब की स्थिति देखी जिसमें तालाब में तने खड़े पक्के मकान को देख लेखपाल अंशुमान से सभी कब्जेदारों को चिन्हित कर नोटिस व कार्रवाई के लिए चेताया। उन्होंने कहा कि इस दिशा में तेजी से काम हो।
