महिला संग धक्का मुक्की करने वाला दारोगा लाइन हाजिर, वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
Fri, 27 May 2022
कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में महिला संग धक्का मुक्की करके मोबाइल छीनने वाले दारोगा को डीसीपी पूर्वी ने लाइन हाजिर कर दिया है। दारोगा का महिला संग अभद्रता करते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। बर्रा पुलिस ने दारोगा का नम सामने आते ही तहरीर बदलवाकर रिपोर्ट दर्ज की थी।
बर्रा निवासी महिला के मुताबिक उनके बेटे की शादी नवंबर 2016 में चकेरी निवासी युवती संग हुई थी। जिससे उनका साढ़े चार वर्षीय पौत्र भी है। महिला का आरोप था कि बहू के प्रेम प्रसंग होने और मोबाइल पर वाट्सएप चैट मिलने पर विरोध किया था तो बहू पौत्र को लेकर मायके चली गई थी। आरोप है कि 21 अप्रैल को बहू मायके वाले और चकेरी थाना क्षेत्र के दारोगा रामकुमार त्रिपाठी को लेकर घर आई थी। हेलमेट लगाए दारोगा ने बेटे से अभद्रता की थी। विरोध पर उनसे भी धक्का मुक्की करके उनका मोबाइल छीनने प्रयास किया था।
जिसका वीडियो वायरल हुआ था। डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए दारोगा रामकुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
