आंधी से मिली राहत के बाद फिर से गर्म हुआ मौसम
Fri, 27 May 2022
आंधी से मिली राहत के बाद फिर से गर्म हुआ मौसम
– करीब पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ 40 पर पहुंचा तापमान
– हवा की गति कम होने से मौसम में बढ़ी उमस
कानपुर देहात में करीब एक सप्ताह पूर्व पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में परिवर्तन हुआ था, जिससे आंधी व बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। वहीं अब फिर से तापमान में बढ़ोतरी होने से मौसम गर्म हो गया है। करीब पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं उमस के कारण लोगों को और भी परेशानी हुई।
बारिश व तेज हवा के कारण अधिकतम तापमान 34-35 डिग्री सेल्सियस तक आ गया था, लेकिन अब फिर से तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। शुक्रवार तो सुबह से ही तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बिजली की आंख मिचौली ने लोगों को और भी परेशान किया। गर्मी के कारण रूरा, अकबरपुर , शिवली, डेरापुर, रसूलाबाद, पुखरायां, रनियां सहित अन्य कस्बों की प्रमुख बाजारों में आम दिनों की तुलना में बाजार में चहलकदमी कम रही। वहीं आवागमन करने वालों को अत्यधिक परेशानी हुई और वह छांव व पानी तलाशते रहे। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले दिनों मौसम में परिवर्तन हुआ था। आंधी बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन अब फिर से तापमान में बढ़ोतरी की संभावना बन रही है, जिससे गर्मी बढ़ेगी। वहीं आगामी दो दिनों के बाद मौसम में फिर से परिवर्तन होगा। आसमान में बदली छाई के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट होगी।
