परौंख में कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति कानपुर में रुक जाएंगे और प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से दिल्ली हो जाएंगे रवाना
Sat, 28 May 2022
कानपुर देहात के परौख में राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके साथ कानपुर आएंगे। प्रधानमंत्री के नगर आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। प्रधानमंत्री चकेरी एयरपोर्ट से ही दूसरे विमान से दिल्ली चले जाएंगे।

राष्ट्रपति के नगर आगमन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार की शाम मर्चेंट चेंबर में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बैठक की। अधिकारियों ने बताया कि कानपुर देहात के परौख में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी चकेरी एयरपोर्ट आएंगे हालांकि नगर में उनका कोई कार्यक्रम नहीं होगा। वह चकेरी एयरपोर्ट से ही विमान बदलकर दिल्ली चले जाएंगे जबकि राष्ट्रपति सर्किट हाउस में ठहरेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी है।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे स्वागत :

राष्ट्रपति तीन जून को चकेरी एयरपोर्ट आएंगे। यहां उनका स्वागत राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। हालांकि प्रशासनिक अधिकारी अभी तक कार्यक्रम प्रस्तावित न होने की बात कर रहे हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सीधे दिल्ली से परौख पहुंचेंगे। परौख का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति हवाई मार्ग से कानपुर आएंगे और सर्किट हाउस में ठहरेंगे। जहां वह लोगों से मुलाकात भी करेंगे। चार जून को मर्चेंट चेंबर में होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह एयरपोर्ट से दिल्ली चले जाएंगे।

हवाई के साथ सड़क मार्ग का दूसरा विकल्प भी हो रहा तैयार :

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए प्रशासन हवाई मार्ग के साथ ही सड़क मार्ग के दूसरे विक्लप पर भी तैयारियां कर रहा है। गौरतलब हो कि 28 दिसंबर 2021 को निराला नगर मैदान से मेट्रो का उद्घाटन करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विमान मौसम खराब होने की वजह से उड़ान नहीं भर पाया था जिसके बाद वह सड़क मार्ग से लखनऊ गए थे। ऐसी परिस्थितियां फिर से न उत्पन्न हो जाएं इसे देखते हुए प्रशासन हर विकल्प पर तैयारी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *