निलंबित लेखपाल द्वारा नोटिस चस्पा करते वीडियो वायरल, एसडीएम बोले कोई नियम विरुद्ध नहीं
Sat, 28 May 2022
कानपुर की नर्वल तहसील में निलंबित लेखपाल द्वारा क्षेत्र में अवैध कब्जेदारों की दुकानों पर नोटिस चस्पा करते इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो शनिवार को वायरल हुआ। नोटिस चस्पा करने के दौरान ग्रामीणों ने लेखपाल का विरोध भी किया। निलंबित लेखपाल द्वारा नोटिस चस्पा करने की शिकायत फोन पर डीएम से लोगों ने की है।

नर्वल तहसील के नगवां गांव निवासी लेखपाल मोहित सचान को पिछले शनिवार को डीएम ने निलंबित कर दिया था।शनिवार को नर्वल तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम के सामने लेखपाल की कई शिकायतें आई थीं।पीड़ितों ने लेखपाल की मिलीभगत से भूमाफिया द्वारा सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों व बेशकीमती जमीनों पर प्लाटिंग किए जाने का आरोप लगाया था।प्राथमिक जांच में लेखपाल दोषी पाया गया था।जिसके बाद डीएम नेहा शर्मा ने लेखपाल मोहित सचान को निलंबित कर दिया था।

शनिवार दोपहर इंटरनेट मीडिया पर लेखपाल मोहित सचान का कोरियां में अवैध कब्जेदारों की दुकानों पर निर्माण गिराए जाने का नोटिस चस्पा करते वीडियो वायरल हो गया।लोगों ने मौके पर विरोध दर्ज करा डीएम से भी फोन पर शिकायत दर्ज कराई है। तहसीलदार नर्वल कैलाश नाथ यादव ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी।जांच के बाद कार्रवाई हेतु रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। एसडीएम नर्वल आयुष चौधरी ने बताया कि तीन लेखपालों की टीम कोरियां में अवैध कब्जों के मद्देनजर नोटिस चस्पा करने गई थी। यदि निलंबित लेखपाल नोटिस चस्पा करने चला भी गया तो कोई नियम विरुद्ध बात नहीं है। लेखपाल अपने क्षेत्र में नोटिस चस्पा नहीं कर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *