थाने के अंदर महिला को जड़े 20 थप्पड़, चप्पल से भी पीटा, पुलिस के सामने ही सूदखोर करता रहा दुस्साहस
Tue, 31 May 2022
सब तरफ से हार जाने के बाद पीड़ित इस उम्मीद से थाना- कोतवाली में पहुंचता है कि वहां उसकी सुनी जाएगी। औरैया के दिबियापुर थाने में भी एक महिला कुछ ऐसी ही आस लेकर पहुंची थी। जो हुआ उसे देख हर कोई दंग रहा।चप्पल से पीटा गया फिर 20 थप्पड़ मारे गए। आरोपित पुलिस की आंखों के सामने यह दुस्साहस दिखाता रहा। इस बीच किसी ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाया तो सिपाही दौड़ पड़े। पीटने वाले को पकड़ा। जानकारी पर थानाध्यक्ष पहुंच गए। पूरे मामले की तफ्तीश की जा रही।

घटना मंगलवार दोपहर की है। कलेक्ट्री रोड निवासी रीता देवी पत्नी संजय सिंह दिबियापुर थाना पहुंची थी। आरोप लगाया कि उसने अनूप पुत्र अशोक सिंह से एक महीने पहले पांच हजार रुपये उधार लिए थे। अनूप का स्टेशन रोड पर जनसेवा केंद्र है। उधारी के रुपये में ब्याज सहित धीरे धीरे 3500 रुपये अदा किया। शेष रुपयों को लेकर कई बार गाली गलौज कर बेइज्जती की गई। उसने जल्द पूरा रुपया चुकता करने की बात कही। रीता नें बताया कि सुबह अनूप उसके घर आया। उसके साथ मारपीट की। शिकायत लेकर वह थाने आई। यहां भी वह पहुंचा। गाली देने लगा। जब मना किया तो चप्पल से पीटने लगा। ननद बीच बचाव के पहुंची। पूरे मामले का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर आ गया।

जिसने महकमे में भूचाल ला दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा राष्ट्रपति के कानपुर देहात जनपद में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर बैठक चल रही थी। जानकारी होते ही थाना प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण मिश्र और क्षेत्राधिकारी सदर सुरेंद्र नाथ यादव पहुंच गए। आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं थाना परिसर में घटना होने पर पुलिस अधीक्षक ने विभागीय जांच शुरू करा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *