उन्नाव में नानामऊ गंगा नदी के पुल की रेलिंग तोड़कर रेती में गिरा ट्रैक्टर, चालक की दबकर मौत
Wed, 01 Jun 2022
उन्नाव के बांगरमऊ से बिल्हौर मार्ग पर नानामऊ में गंगा पुल पर बुधवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। बांगरमऊ मंडी में तरबूज बेचकर लौट रहा ट्रैक्टर चालक गंगा पुल पर रेलिंग तोड़ते हुए करीब पचास फीट नीचे जा गिरा। ट्रैक्टर के नीचे चालक दब गया। हादसा देखकर दौड़े आसपास के लोगों ने ट्रैक्टर सीधा करके चालक को बाहर निकाला लेकिन तबतक उसकी मौत हो चुकी थी।
कानपुर में बिल्हौर के मकनपुर स्थित गांव गुरधरा निवासी अनिल खेत से तरबूज लादकर बांगरमऊ मंडी में बुधवार सुबह पांच बजे बेचने आया था। मंडी में तरबूज बेचने के बाद वह सुबह करीब नौ बजे घर लौट रहा था। नानामऊ में गंगापुल पार करते समय अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ता हुआ करीब पचास फीट नीचे रेती में जा गिरा। सीट पर बैठा चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। हादसा देखकर आस पास के लोग दौड़े और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने से पहले लोगों ने ट्रैक्टर को सीधा करके चालक को बाहर निकाला लेकिन तबतक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
माैके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के बाद घर वालों को सूचना दी। कुछ ही देर में स्वजन आ गए और शव देखकर बिलख पड़े। घर वालों ने बताया कि करीब 18 वर्ष पूर्व अनिल की शादी हुई थी। पिता की मौत पर 16 वर्षीय पुत्री मुस्कान व 14 वर्षीय पुत्र मयंक व पत्नी बबिता का रो रोकर बुरा हाल हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही बिलख पड़े स्वजन :
हादसे की खबर रहीमपुर करीमपुर गांव पहुंचने पर मातम छा गया और स्वजन बिलख पड़े। परिवार के कुछ लोग ग्रामीणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। घर पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ एकत्र हो गई। पिता मथुरा प्रसाद व विवाहित छोटे भाई सुशील कटियार के साथ अनिल भी खेती-बाड़ी करते थे। पिता मथुरा प्रसाद के नाम नौ बीघा जमीन है। परिवार में पत्नी बबीता व बड़ी बेटी मुस्कान है। मुस्कान इंटर मीडिएट की छात्रा है और छोटा बेटा मयंक कक्षा पांच में पढ़ता है। बड़ी बहन रूबी है, जिसकी शादी के लिए अनिल तैयारी कर रहे थे। घटना की जानकारी पर घर पहुंचे रिश्तेदार व ग्रामीण बिलखते स्वजन को ढांढ़स बंधाते रहे
