कानपुर।जिलाधिकारी आलोक तिवारी की अध्यक्षता में सदर तहसील के अन्तर्गत सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन बाल भवन, फूलबाग के सभागार में आयोजित किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुये संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तायुक्त तरीके से शासन की मंशा के अनुसार समय से किये जाने के निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस, राजस्व, विद्युत, केडीए, समाज कल्याण, आपूर्ति, नगर निगम आदि विभागों से संबंधित शिकायतें कुल 114 प्राप्त हुयी, जिनमें से पुलिस विभाग की 32, राजस्व की 31, केडीए की 10, समाजकल्याण की 06, आपूर्ति की 06, डूडा की 03, आवास विकास की 03 आदि विभागों की प्राप्त शिकायतों के समय से निस्तारण के लिये संबंधित अधिकारियों को प्रेषित की गयी। सम्पूर्ण समाधान दिवस में ग्राम पिपौरी के एक फरियादी ने उसकी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा किये जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कार्यवाही करते हुये उप जिलाधिकारी सदर को प्रकरण की पैमाइश कराकर कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। ग्राम मानपुर निवासी गुलाब सिंह ने उसके घर के सामने ग्राम के लोगो द्वारा कूडा डालने व गन्दगी फैलाने को मना करने पर मारपीट करने की शिकायत पर संबंधित पुलिस अधिकारी को कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। अम्बेडकर पुरम निवासी फरियादी मुुकेश कुमार ने उसके पास आवास न होने पर आवास दिलाये जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को जॉचकर आवास दिलाये जाने के संबंध में उचित कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया। नौबस्ता निवासी एक फरियादी ने अपनी पुत्री को पिछडा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा छात्रवृत्ति दिलाये जाने के संबंध में पत्र प्रस्तुत किया जिस पर कार्यवाही के लिये पिछडा वर्ग कल्याण अधिकारी को नियमानुसार कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. महेन्द्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त, सीएमओ डॉ. नेपाल सिंह, उप जिलाधिकारी सदर दीपक कुमार पाल सहित नगर निगम, केडीए, पुलिस आदि विभागों के जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
पनकी रोड पर हो रहे हादसों में लगे रोक
कानपुर | कल्यानपुर युवा उधोग व्यापार मण्डल की बैठक पनकी रोड पर व्यापारियों के साथ सम्पन्न हुई बैठक में बताया गया कि पनकी रोड में नो इन्ट्री का पालन न होने की वजह से व पीडब्ल्यूडी के नाले निर्माण के ढीले होने से एक व्यापारी महिला की ट्रक हादसे से मौत हो गई इस मामले में किसी भी विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों ने कोई ठोस कदम नही उठाए जिसका व्यपारियो व व्यापार मंडल विरोध करता है अधिकारियों से बात की और घटना के समय डयूटी कर रहे कर्मचारियों व पीडब्ल्यूडी पर ठोस कार्यवाही करें जिससे पनकी रोड पर हो रहे हादसे पर रोक लगे व व्यापारी खुद हो नो एन्ट्री का पालन करायेगे।बैठक में मुख्यरूप से अध्यक्ष राजेश चन्देल,राहुल शुक्ला, अनुज राजावत, मनीष दुबे,संजू चौहान, पंकज अवस्थी, रामराज पाल, आदि रहे।
अज्ञात बैंककर्मी समेत 2 सूदखोरों पर मुकदमा दर्ज
कानपुर। मदद के नाम पर ब्याज पर पैसा देकर सूदखोरों ने महिला सफाई कर्मी के खाते से 6 माह का वेतन निकाल लिया। पता चलने पर महिला ने थाना रेलबाजार पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिटकुल गंज कैंट निवासी गीता देवी पत्नी स्वर्गीय भूरियल कैंटोनमेंट बोर्ड में सफाई कर्मी है। महिला के मुताबिक काकादेव निवासी छन्नूलाल तथा पिंटू भी सफाई कर्मचारी है। गीतादेवी ने इनसे 5 हजार रुपये 10 परसेंट ब्याज पर लिए थे। इसके बदले छन्नूलाल और पिंटू ने ब्लेंक चेक ली थी। गीता का खाता इलाहाबाद बैंक की रेलबाजार शाखा में है। गीता के मुताबिक छन्नू और पिंटू जो कि सफाई कर्मचारी है दोनों ने बैंक कर्मी की मदद से उसकी 6 माह की तनख्वाह करीब 1 लाख रुपये चेक के द्वारा निकाल ली है। फर्जी हस्ताक्षर बनाने में बैंककर्मी ने दोनों की मदद की है। थाना रेलबाजार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि पुलिस कमिश्नरेट कानपुर द्वारा सूदखोरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। बीते दिनों पुलिस ने दो सूदखोरों को जेल भी भेजा है।
महिला बंदी की मौत पर 30 जुलाई तक एसीएम ने मांगे साक्ष्य
कानपुर । अपर नगर मजिस्ट्रेट (सप्तम) गुलाब चन्द्र अग्रहरि ने बताया है कि बीते माह छह जून को विचाराधीन बन्दिनी किरन उर्फ बबली निवासी कच्ची बस्ती पनकी नहर आवास विकास रोड के पास थाना अर्मापुर की एलएलआर (हैलट) मेडिकल कालेज कानपुर नगर में उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी थी। इस घटना की मजिस्ट्रीरियल जांच अपर जिलाधिकारी के आदेशानुसार उनके द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया है कि उक्त घटना के सम्बन्ध में जिस किसी व्यक्ति को अपना कोई साक्ष्य अथवा बयान देना हो वह आने वाली 30 जुलाई तक न्यायालय अपर नगर मजिस्ट्रेट (सप्तम) कानपुर नगर में प्रातः 11.00 बजे से सायं 05.00 बजे तक उपस्थित होकर प्रस्तुत कर सकता है।
नाव पलटने से एक युवक गंगा में डूब गया।
कानपुर । शिवराजपुर थाना क्षेत्र के खेरेश्वर गंगा पुल के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब बीच धारा में एक नाव पलट गई नाव पलटने से एक युवक गंगा में डूब गया। वही स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना शिवराजपुर पुलिस को दी मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए गंगा में डूबे युवक तलाश में गोताखोरों की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दे रही है लेकिन अभी तक युवक का कुछ भी पता नहीं चल पाया है
