एकतरफा प्यार में युवती के भाई को किया अगवा, बोला- मार दूंगा

Wed, 21 Jul 2021
कानपुर के गोविंद नगर में युवक ने युवती पर दोस्ती का दबाव बनाने के लिए सोमवार को उसके छोटे भाई का अपहरण कर लिया। इसके बाद परिजनों को फोन कर बेटी के दोस्ती न करने पर बच्चे की हत्या की धमकी दे दी।

अपहरण की सूचना पर सतर्क हुई पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद उसे सकुशल बरामद कर आरोपी को धर दबोचा। गोविंद नगर यू-ब्लॉक निवासी कल्लू ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाला भइया उर्फ विक्रम बेटी पर दोस्ती करने का दबाव बना रहा था।

बेटी के इनकार करने पर सोमवार सुबह कक्षा चार में पढ़ने वाले 10 वर्षीय बेटे सौरभ का अपहरण कर लिया। आरोप है कि भइया ने कुछ देर बाद घर पर फोन कर युवती के उसकी बात न मानने पर बेटे की हत्या कर शव गंगा में बहाने की धमकी दी।

यह सुनते ही परिजन घबरा कर पुलिस के पास पहुंचे। एसीपी गोविंद नगर विकास कुमार पांडेय के अनुसार सर्विलांस टीम की मदद से देर शाम भइया को नौबस्ता के पास से गिरफ्तार कर बच्चे को बरामद कर लिया गया।

बच्चे को बाइक पर बैठाकर घुमाता रहा

थाना प्रभारी अनुराग मिश्रा के अनुसार शातिर बच्चे को बाइक पर बैठा कर पूरा दिन शहर के आसपास घूमता रहा। पुलिस ने उसे ट्रेस करने के लिए परिजनों को उसे फोन पर बातें करने में उलझाए रखा। इस बीच कई बार उसने शक होने पर अपना मोबाइल भी बंद किया, लेकिन कुछ देर बाद फिर से मोबाइल चालू करने पर पुलिस को उसकी लोकेशन मिलती रही।

इंस्पेक्टर के अनुसार भइया बच्चे को पहले गंगा बैराज ले गया, इसके बाद उसकी लोकेशन जाजमऊ, उन्नाव के एक गांव से फिर मंधना, बिठूर वाली रोड पर मिली। अंत में वह विजय नगर से होते हुए रात में नौबस्ता पहुंचा, जहां उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

बच्चे से बात कराने पर ली राहत की सांस

पुलिस के अनुसार परिजनों के सारा दिन कहने के बाद भी उसने बच्चे की परिजनों से बात नहीं कराई। इस पर आखिर में युवती के विनती करने पर उसने शाम करीब 6.30 बजे बच्चे से बात कराई। तब जाकर सभी ने राहत की सांस ली, जबकि इसके पहले वह फोन पर हर बार बच्चे की हत्या करने की धमकी देता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *