कानपुर। शहर में बुधवार को ईद उल-अजहा पर्व मनाया जा रहा है। इस दौरान प्रशासन लोगों से घरों में रह कर ईद की नमाज अदा करने की अपील कर रहा है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस और प्रशासन भी मुस्तैद हो गया है। कोरोना के चलते पुलिस प्रशासन ने ईद पर कोई राहत नहीं दी है। इसके अलावा संवेदनशील इलाकों में पुलिस पैदल गश्त कर फ्लैग मार्च कर रही है ।
बकरीद के मद्देनजर बेकनगंज पुलिस अब एक्टिव मोड पर नज़र आ रही है। त्योहार में कोरोना प्रोटोकाल का पालन कराते हुए सुरक्षा को ले कर विशेष प्लान भी तैयार किया गया है। वहीं सार्वजनिक स्थलों के साथ बाज़ारों में भी पुलिस अलर्ट दिखाई दे रही है। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में गश्त पर रह कर मस्जिदों और ईदगाह की भी निगरानी की जा रही है। थाना निरीक्षक बेकनगंज मय फोर्स थाना क्षेत्र के तहत निरीक्षण कर रहे हैं जिससे शांति व्यवस्था न गड़बड़ाने पाए।
एसीपी अनवरगंज अकमल खान ने बताया कि थाना बेकनगंज व थाना बजरिया पुलिस फोर्स की तैनाती के साथ ही सभी मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के आदेश दिये गए हैं। जिससे कहीं भी शांति व्यवस्था ना बिगड़ने पाए। हालांकि बकरीद के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। बड़ी संख्या में फोर्स को सतर्क रहने को कहा गया है।
