दारोगा के बेटे की गुंडागर्दी

कन्नौज : दारोगा के बेटे की गुंडागर्दी, गली से गुजर रहे युवक को मारी गोली, सामने आई पुरानी दुश्मनी

कन्नौज में दारोगा पुत्र ने बुधवार को गली से गुजर रहे युवक को गोली मार दी। गोली उसके बाएं हाथ में लगी। स्वजन ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। जहां से उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। घायल के भाई ने आरोपित के खिलाफ पुरानी रंजिश में हमला करने का मुकदमा दर्ज कराया है जबकि पुलिस महिला से अवैध संबंधों को लेकर घटना होने की बात कह रही है। फिलहाल आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित के दारोगा पिता लखनऊ में तैनात बताए जा रहे हैं।

बुधवार दोपहर करीब तीन बजे गुरसहायगंज के मोहल्ला आजाद नगर निवासी 32 वर्षीय मो.शमी को गली से गुजरते वक्त सुशील पुत्र ओमप्रकाश ने खिड़की से तमंचा निकालकर गोली मार दी। गोली उसके बाएं हाथ में लगी। जानकारी पर थाना प्रभारी टीपी वर्मा, कस्बा प्रभारी रुद्र नारायण त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शमी के पिता सिद्दीक से मामले की जानकारी लेकर पत्नी से भी पूछताछ की। शमी के भाई ने तहरीर देकर बताया कि पुरानी रंजिश में उसके भाई पर सुशील ने जान से मारने की नियत से तमंचे से फायर कर दिया। इधर करीब सात बजे पुलिस ने आरोपित को बनियानी गांव से पकड़ लिया। कोतवाली प्रभारी टीपी वर्मा ने बताया कि चार दिन पहले आरोपित का घायल युवक से विवाद हो गया था। मारपीट तक नौबत आने पर लोगों ने मामले को शांत करा दिया था। उन्होंने बताया कि घटना के पीछे महिला से संबंध की बात भी सामने आ रही है। इसकी जांच से सच्चाई पता चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *