कानपुर देहात के प्रधानों का प्रशिक्षण संपन्न

राज्यमंत्री माननीय श्री चौधरी के शुभकामना संदेश के साथ जनपद कानपुर देहात के प्रधानों का प्रशिक्षण संपन्न
– कानपुर मंडल के सभी प्रधान हुए प्रशिक्षित
कानपुर। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के अंतर्गत राज्य स्तर से निर्धारित कार्यक्रमानुसार नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों के उन्मुखीकरण प्रशिक्षण में आज 22 जुलाई 2021 को कानपुर मण्डल के अंतर्गत कानपुर देहात के ग्राम प्रधानों का प्रशिक्षण का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी कानपुर देहात सौम्या शर्मा ने किया इस अवसर पर उन्होंने पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य पर जानकारी दी। सर्वप्रथम उपनिदेशक (पंचायत) अभय कुमार शाही द्वारा मा0 पंचायती राज मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी द्वारा ग्राम प्रधानों के लिए दिए गए शुभकामना सन्देश दिया। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों का एकदिवसीय ऑनलाइन उन्मुखीकरण प्रशिक्षण मंडलीय उपनिदेशक पंचायत कार्यालय से विषय विशेषज्ञों द्वारा ऑनलाइन दिया गया। आज जनपद कानपुर देहात के सभी विकास खंडों जैसे सरवन खेड़ा, अकबरपुर, मुलासा, राजपुर, बेरापुर, मैथा, रसूलाबाद, झींझर, अमराैधा, समदलपुर सहित सभी विकास खंडों के कई केंद्रों पर नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों ने कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस अवसर पर मंडलीय उपनिदेशक पंचायत अभय कुमार शाही ने नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों को बधाई और स्वागत करते हुए ग्राम प्रधान की भूमिका और कर्तव्य आदि पर चर्चा कर प्रशिक्षण के उद्देश्य को बताया। एनआईआरडी से मास्टर ट्रेनर श्री अमित कुमार सिंह तोमर, अनीता गुप्ता, अभिषेक सिंह चौहान, गंगाराम यादव द्वारा अपने अपने विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनर श्री अमित कुमार सिंह तोमर द्वारा ग्राम पंचायत विकास योजना की वीडियो का प्रदर्शन करते हुए चर्चा कर सतत विकास लक्ष्य 2030 के 17 लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए ग्राम प्रधानों को चल चित्र के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। इस दौरान यूनिसेफ की विषय विशेषज्ञ पीयूष एंथोनी की वीडियो का भी प्रदर्शन किया गया। ऑनलाइन प्रशिक्षण में विभिन्न विषयों के सभी मास्टर ट्रेनर द्वारा पंचायत राज व्यवस्था, ग्राम सभा, ग्राम पंचायत बैठक के आयोजन की प्रक्रिया, ग्राम पंचायत समितियां और उनकी भूमिका, ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति, बाल संरक्षण, आपदा एकीकृत ग्राम पंचायत विकास योजना, विभागीय योजनाओं एवं राष्ट्रीय तथा प्रदेश स्तरीय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार, केंद्रीय वित्त एवं राज्य वित्त आयोग, स्वच्छ भारत मिशन सहित तकनीकी सत्र ई ग्राम स्वराज आदि पर चर्चा कर पंचायत राज एवं यूनिसेफ विषय विशेषज्ञों द्वारा निर्मित वीडियो के प्रदर्शन के द्वारा प्रधानों को प्रशिक्षित किया गया । इस दौरान जनपद कानपुर देहात के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानो ने ऑनलाइन प्रतिभाग कर सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान वरिष्ठ फैकल्टी एवं सह प्रबंधक डॉ निर्दोष कुमार श्रीवास्तव तथा मंडलीय प्रोजेक्ट मैनेजर अवनीश का विशेष सहयोग रहा। समापन करते हुए कानपुर नगर के डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए एनआईआरडीपीआर के मास्टर ट्रेनर, बीडियो, एडीओ पंचायत सहित सभी नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कानपुर मंडल के सभी प्रधानों को ऑनलाइन प्रशिक्षण उपरांत सभी मास्टर ट्रेनर को उपनिदेशक पंचायत अभय कुमार शाही द्वारा प्रमाण पत्र देकर उज्जवल भविष्य की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *