भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती पूजा बंसल से प्रेसक्लब में वार्ता

कानपुर 23 जुलाई। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती पूजा बंसल ने आज कानपुर प्रेसक्लब में वार्ता के दौरान बताया कि ग्राम इटारा, थाना सचेंडी, कानपुर आउटर निवासी विष्णु बाबू दिवाकर अपने आप को संघ का राष्ट्रीय स्तर का पदाधिकारी बता कर पिछले तीन वर्षों से अयोध्या राम मंदिर के नाम पर अनधिकृत रुप से करोड़ों रुपए की वसूली करके अपने गाँव में तीन मन्ज़िल का शानदार मकान, चौपहिया गाड़ी, बुलट आदि का मालिक बन गया है।
पूजा ने आगे विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि लगभग तीन वर्ष पूर्व दिल्ली स्थित राष्ट्रीय भाजपा कार्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान इससे मुलाकात हुई थी। इसी के बाद से ही यह पार्टी के वरिष्ठ व कनिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्पर्क में रहते हुए जान-पहचान बढ़ाता रहा। अपने आप को संघ का बड़ा राष्ट्रीय स्तर का पदाधिकारी बताता रहा। इसने सभी आला अधिकारियों के फोन नम्बर प्राप्त कर लिए व कभी कभार बात भी करता रहा। इसने हम सभी को उच्च पदों को दिला कर भविष्य उज्ज्वल बनाने का झाँसा देना शुरू कर दिया।
इसने यह भी बताया कि उसे अयोध्या मन्दिर निर्माण कार्य के लिए धन संग्रह का विशेष भर सौंपा गया है। इस प्रकार इसने इन तीन सालों में करोड़ों रुपए जमा कर लिए और अपना आलीशान मकान व सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर सुख भोगने लगा।
श्रीमती बंसल को उसकी हरकतों से शक होने लगा तो सच जानने के लिए वे अपने5-6 लोगों के साथ उसके गांव पहुंची तो उसकी भव्यता देख दंग रह गई। घर पर दस्तक दी तो उसे पता लगते ही वह पीछे दरवाज़े से भाग गया। पत्नी ने काफी देर बाद खोला। बंसल ने उसकी पत्नी रानीदेवी को बताया कि उसके पति ने 50 लाख रुपये लिये हैं। पत्नी ने कहा कि उसे पता है , और आपके रुपये 15 दिन में वापस कर दिया जायेगा। इतनी जल्दी इतनी अकूत सम्पत्ति का मालिक बनना एक जाँच का पूरा विषय है।
गाँव के पड़ोसियों ने व ग्राम प्रधान श्री सुमित शुक्ला विहिप कानपुर के नगर उपाध्यक्ष हैं, ने बताया कि वह एक नटवरलाल है, गाँव के कई लोगों से नौकरी दिलाने , एडमिशन कराने के नाम पर लाखों रुपए वसूल चुका है। उसकी जांच अवश्य होनी चाहिए।
श्रीमती बंसल ने कहा यह व्यक्ति संघ व भाजपा की छवि धूमिल कर रहा है । पार्टी के आला कमांड द्वारा गहन जांच करनी चाहिए और उसे कड़ी से कड़ी सज़ा दिलानी चाहिए जिससे औरों को भी नसीहत मिल सके ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *