Sat, 24 Jul 2021
शिवली के रामनगर में बारिश में कच्ची दीवार गिरने से पांच वर्षीय मासूम उसमें दबकर जान गवां बैठा। स्वजन ने उसे मलबे से निकाला लेकिन देर हो चुकी थी।
निराला नगर मोहल्ला निवासी किसान गेंदेलाल का पांच वर्षीय पुत्र आलोक पड़ोस में ही रामनगर मोहल्ला निवासी रामकिशन चौधरी के अमरूद के पेड़ में लगे फल तोड़ने गया था। वहां पर एक कच्ची दीवार थी और वह उस पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था कि अचानक से वह भरभरा कर ढह गई। मलबे में वह दब गया और घायल हो गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटे और मलबे से उसे निकाला और सीएचसी लेकर भागे लेकिन पहले ही उसकी मौत हो गई। सीएचसी में डाक्टर पूनम मौर्य ने बताया कि सिर पर चोट लगने से मौत हुई। मां राजबेटी, पिता गेंदेलाल, बड़े भाई लकी व आनंद का रो – रो कर बुरा हाल हो गया।
जर्जर प्राथमिक बिद्यालय भवन का एक कमरा भरभराकर ढह गया
भोगनीपुर के मलासा ब्लाक के प्रहलादपुर गांव स्थित जर्जर प्राथमिक विद्यालय भवन के एक कमरा भरभराकर ढह गया। परिसर में ही खेल रहे कई बच्चे बाल-बाल बच गए। तेज आवाज से आसपास के लोग निकले तो नजारा देखकर दंग रह गए।
प्राथमिक विद्यालय के पुराने भवन की छत टपकने व दीवार में दरार आ जाने से भवन को जर्जर घोषित कर दिया गया था। विद्यालय में 102 पंजीकृत है, जिनको पढ़ाने के लिए इसी परिसर में चार अतिरिक्त कक्ष बने हुए हैं। बारिश के दौरान जर्जर भवन का एक कमरा अचानक ढह गया। गांव के भूप सिंह, दीवान सिंह, आलम सिंह ने बताया कि विद्यालय के जर्जर भवन को गिराने के लिए कई बार शिक्षकों से अनुरोध
किया गया था, लेकिन भवन नहीं गिराया गया। प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापक पूनम गौतम ने बताया कि विद्यालय का मुख्य भवन करीब पांच वर्ष पूर्व जर्जर हो गया था, जिसकी सूचना वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों को दी गई थी। बच्चों को परिसर में बने चार अतिरिक्त कक्ष में बैठाकर पढ़ाया जाता है। जर्जर भवन का कमरा गिरने की सूचना एआरपी अनुराग पांडेय को दी गई है। एआरपी अनुराग पाण्डेय ने बताया कि उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर सूचित किया गया है।
