कानपुर। कल्याणपुर थानाक्षेत्र के रावतपुर गांव में मूसलाधार बारिश के कारण एक घर की छत गिर गई। जिसके मलवे में दब कर एक युवक की मौके पर मौत हो गई है।
आस पड़ोस के लोगों की सहायता से युवक को मलवे से बाहर निकाला गया लेकिन तब तक युवक की मौत हो गई थी।
मंगलवार से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। भारी बारिश से लोगों की जनमाल की हानि हुई है।
रावतपुर गांव रामलला मंदिर स्थित संतबहादुर सिंह का मकान है जिनकी काफी समय पहले मौत हो चुकी है। मकान का कुछ हिस्सा कच्चा बना है। संतबहादूर की पत्नी बीना और इकलौता पुत्र अमन सिंह(25) साथ रहते हैं। मंगलवार से लगातार हो रही बारिश जो देर सुबह बुधवार तक जारी रही। पुत्र अमन रात तीन बजे फोन चलाते हुए कच्चे मकान में गया था। अत्यधिक बारिश का बोझ न झेल पाने से घर की छत अमन के ऊपर गिर गई। जिसके मलवे में अमन दब गया। आनन फानन में आस पड़ोस के लोग अमन को हैलट अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया है। वहीं प्राकृतिक आपदा से हुई इकलौते पुत्र की मौत से मां का रो रो कर बुरा हाल है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र मैथानी ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने करने का आश्वासन दिया है।

2021-07-28
