कानपुर
लाइटें खराब, बहुत बड़ा भ्रष्टाचार’, छठ पूजा की तैयारियों में लापरवाही पर नाराज हुए सांसद
छठ पूजा को लेकर अरमापुर नहर घाट पर चल रही तैयारियों को देखने के लिए जब सांसद रमेश अवस्थी यहां पर पहुंचे तो यहां के पदाधिकारियों ने उनके सामने शिकायतों का पुलिंदा रख दिया.
इससे नाराज सांसद ने अधिकारी से फोन पर नाराजगी जताते हुए यहां पर लगाई गई लाइटों में भ्रष्टाचार का आरोप लगा दिया. सांसद ने कहा कि लोगों ने शिकायतें की हैं कि यहां पर 70 प्रतिशत लाइटें खराब हैं, यह बहुत बड़ा भ्रष्टाचार है. सांसद ने फोन पर कहा कि अगर इसके लिए हम लोग लिखेंगे तो दिक्कत आएगी. इस दौरान सांसद ने छठ पूजा समिति पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि यहां पर पूरी भव्यता के साथ छठ पूजा का आयोजन होगा. लाइटें लगाने के साथ महिलाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था की गई जाएगी. आने वाले समय में छठ पूजा घाट को पक्का किया जाएगा, जिससे महिलाओं को तकलीफ न हो. जो भी समस्याएं हैं उन्हें समय रहते सही कराया जाएगा.कानपुर में छठ महोत्सव को लेकर नहर घाटों पर तैयारियां आखिरी चरण में चल रही हैं. मंगलवार को नहाय खाय के साथ शुरू होने वाली छठ पूजा को लेकर इस समय अरमापुर नहर, सीटीआई नहर, शास्त्रीनगर, लाजपतनगर समेत अन्य स्थानों पर तैयारियां चल रही हैं. छठ पूजा को लेकर अरमापुर नहर में छठ पूजा सेवा समिति की तरफ से यहां पर तैयारियों को पूरा किया जा रहा है. घाटों की आकर्षक सजावट के साथ ही छठ पूजा से जुड़े गीत भी यहां पर अब सुनाई देने शुरू हो गए हैं. छठ पूजा की तैयारियों के बीच यहां के पदाधिकारियों ने अभी तक नगर निगम की तरफ से किसी तरह का सहयोग न मिलने की बात कही है. उनका कहना है कि वह लोग अपने वॉलंटियर लगाकर पूरी तैयारियां कर रहे हैं. छठ पूजा पर उनके वॉलंटियर सुरक्षा व्यवस्था में भी लगते हैं. वहीं केंद्रीय छठ पूजा समिति के अध्यक्ष संतोष सिंह गहमरी का कहना है कि उन्होंने हेल्पलाइन नंबर जारी करने के साथ टास्क फोर्स गठित की है. जहां कहीं भी शिकायत मिल रही है, उनकी टीम मौके पर पहुंच साफ सफाई समेत अन्य कार्यों को कर रही है.
