कानपुर देहात में बदमाशों ने महिलाओं से छेड़छाड़ के बाद की मारपीट

कानपुर देहात में बदमाशों ने महिलाओं से छेड़छाड़ के बाद की मारपीट, परिवार के पलायन करने की बात आई सामने

कानपुर देहात में मंगलपुर क्षेत्र के एक गांव में दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने महिलाओं से छेडख़ानी व मारपीट करने के साथ ही घर से भगाने का आरोप लगाया। वहीं दूसरे पक्ष के लोगों ने हैंडपंप लगवाने को लेकर मारपीट की बात कही और घर से भगाने के आरोप से इन्कार किया। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों को बैठाकर मामला शांत कराने की कोशिश की। एक पक्ष ने छेडख़ानी, मारपीट, तोडफ़ोड़ व अन्य धाराओं में 11 पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

यह है पूरा मामला: मंगलपुर थाना के एक गांव निवासी एक युवक ने बताया कि वह किसी दूसरे व्यक्ति के साथ सोमवार रात को घर के बाहर थे। महिलाएं घर में आटा निकालने गई थीं आरोप है कि उसी समय गांव के ही नरेश, हरपाल, वीरेंद्र, गजेंद्र,राजेंद्र, अमित, मोहित, अजय पाल, दीपक, जीवन व धर्मपाल महिलाओं से आकर छेड़छाड़ करने लगे। जब विरोध किया तो उन लोगों ने मारपीट शुरू कर दी और घर में रखा सामान तोड़ दिया और मकान का छप्पर भी गिरा दिया। उन सभी को घर से भगा दिया गया और वह गांव के बाहर खेत में तिरपाल व तंबू डालकर रहने को मजबूर हो गया। वहीं, नरेश पक्ष के लोगों ने बताया कि सभी लोग एक ही समाज के हैं और सरकारी हैंडपंप उनके घर के सामने लग रहा। दूसरा पक्ष अपने घर के सामने हैंडपंप लगवाना चाह रहा इसे लेकर ही दोनों तरफ से विवाद हुआ था। घर से भगाने का आरोप गलत लगाया जा रहा। सभी के पक्के मकान है तो आखिर कैसे उनके घर से भगाकर हम रह लेंगे। वहीं बुधवार को पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को बैठाकर समझाया कि विवाद न करें और पहले की तरह प्यार से रहें।

दो सिपाही तैनात: एहतियातन गांव में दो सिपाही तैनात किए गए हैं। सुबह सिपाहियों ने गांव में भ्रमण भी किया था और बेवजह मामले को तूल न देने की बात कही थी।

इनका ये है कहना: एएसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि आपस में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था इस पर एक पक्ष खेत में जाकर रूका था। छह को गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *