*प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में कानपुर प्लॉगर समूह के सदस्यों की सराहना की, भाजपा ने किया सम्मानित*
कानपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 116वें ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कानपुर के प्लॉगर समूह द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की सराहना की। यह समूह घाटों एवं पार्कों से कचरा उठाकर पर्यावरण को स्वच्छ बनाने में सक्रिय रूप से योगदान दे रहा है।
आज भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष दीपू पांडे, शिवराम सिंह दिनेश कुशवाहा मन की बात के क्षेत्रीय संयोजक अनूप अवस्थी एवं क्षेत्रीय मंत्री पवन प्रताप सिंह ने प्लॉगर ग्रुप के सदस्यों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर संस्था की संस्थापक डॉ संजीविनी शर्मा के विनायकपुर स्थित आवास पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें संस्था के दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
*प्लॉगर ग्रुप का संकल्प*
संस्था की संस्थापक संजीविनी शर्मा ने बताया कि प्लॉगर ग्रुप की स्थापना 6 मार्च 2021 को 60 सदस्यों के साथ की गई थी। इसका उद्देश्य घाटों और पार्कों से कचरा उठाकर पर्यावरण को शुद्ध करना था। आज यह समूह सैकड़ों समाजसेवियों के साथ एक बड़ी मुहिम बन चुका है। समूह द्वारा मस्कर घाट, गोला घाट, परमट घाट, गंगा बैराज, सरसैया घाट और संजय वन, कारगिल पार्क, नानाराव पार्क जैसे स्थानों की सफाई की जाती है।
कचरे को रिसाइकिल करके समूह विभिन्न वस्तुएं बनाता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ संसाधनों का पुनः उपयोग सुनिश्चित होता है।
सम्मान समारोह में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा इस समूह की चर्चा करना कानपुर के लिए गौरव की बात है। अब और भी लोग इस अभियान से जुड़ेंगे। प्लास्टिक, जो नष्ट नहीं होता, मानव जीवन और पर्यावरण के लिए बेहद खतरनाक है। हमें इसे बंद करना होगा और इस मुहिम को एक जन आंदोलन बनाना होगा।”
संस्था के सदस्य और बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री अनूप द्विवेदी ने कहा, “हमारा लक्ष्य कानपुर को प्रदूषण मुक्त बनाना है। इसके लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। हमारा सपना कानपुर को इंदौर जैसा स्वच्छ और सुंदर शहर बनाना है।”
प्लॉगर ग्रुप के सभी सदस्यों को सम्मानित किया गया और इस अभियान को और व्यापक बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में संस्था के कार्यों की सराहना की गई और इसे आगे बढ़ाने के लिए समर्थन व्यक्त किया गया।
अभिषेक पोरवार दिव्यांशु गुप्ता संगीता अग्रवाल वेदांत भार्गव प्रफुल्ल अग्निहोत्री कविता प्रियंका ज्योति आदि दर्जनों समूह के सदस्यों को सम्मानित किया गया।
भाजपा नेताओं के साथ संदीप ठाकुर कृष्ण कांत सविता विकास सिंह आदि भी मौजूद रहे ।
