कानुपर। जाजमऊ में सिगरेट देने से मना करने पर आरोपित ने महिला दुकानदार और उनकी नाबालिग बेटी पर हशिया से जानलेवा हमला कर दिया। हंसिया लगने से किशोरी लहूलुहान हो गई। क्षेत्रीय लोगों की भीड़ एकत्रित होने पर आरोपित भाग निकला। पुलिस ने घायल किशोरी को उपचार के लिए एलएलआर अस्पताल (हैलट) में भर्ती कराया। वहीं मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण चकेरी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर आरआरएफ की एक टुकड़ी तैनात की गई।
जाजमऊ के संजय नगर निवासिनी सोमवती निषाद घर के बाहर ही पान मसाला की दुकान लगाती है। परिवार में तीन बेटियां लक्ष्मी, छुटकी और रोशनी है। उनकी बड़ी बेटी लक्ष्मी की शादी हो चुकी है। वह पान मसाला बेचकर दोनों बेटियों के साथ जीवन यापन कर रही है। सोमवती ने बताया कि गुरूवार देर रात इलाके में रहने वाला दूसरे समुदाय का राजू उनके घर पहुंचा। इस दौरान वह बेटी से सिगरेट मांगने लगा। जिस पर बेटी ने उससे सिगरेट मांगे तो वह बाद में देने की बात करने लगा। जिस पर बेटी ने सिगरेट देने से मना किया तो गाली-गलौज करते हुए चला गया। कुछ देर बाद आरोपित अपने घर से हशिया लेकर आया और उसने बेटी पर जानलेवा हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर वह बेटी को बचाने दौड़ी तो आरोपित ने उन पर भी हमला कर दिया। वहीं इस दौरान आरोपित की पत्नी अन्नू और मां हसीबा ने उनके घर पथराव कर दिया। इस दौरान बेटी की कान और गर्दन में हशिया लगने से वह लहूलुहान हो गई।
शोर-शराबा सुनकर इलाकाई लोगों ने पहुंचकर उन्हेंं और बेटी को बचाया। साथ ही घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बेटी को एलएलआर अस्पताल (हैलट) में भर्ती कराया। जहां बेटी का उपचार चल रहा है। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से भाग गया। वहीं मामला दो समुदाय से जुड़ा होने पर एडीसीपी पूर्वी सोमेंद्र मीणा मामले की जांच करने पहुंचे। जिसके बाद घटनास्थल पर चकेरी पुलिस के अलावा आरआरएफ की एक टुकड़ी तैनात कर दी गई। चकेरी थाना प्रभारी मधुर मिश्रा ने बताया कि पीडि़त महिला की शिकायत पर आरोपित राजू और उसकी पत्नी व मां पर हत्या के प्रयास के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपित की मां और पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वही आरोपित राजू की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
