अस्पताल प्रशासन पर उपचार में लापरवाही किए जाने का आरोप

कानपुर। चकेरी के एक निजी अस्पताल में महिला की मौत हो गई। घटना के बाद महिला के स्वजन ने अस्पताल प्रशासन पर उपचार में लापरवाही किए जाने का आरोप लगाया आैर इसके बाद उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। साथ ही रोड जाम करने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई की आश्वासन देकर आक्रोशित स्वजन को समझाया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

फतेहपुर निवासी राजकुमार मजदूरी करते हैं। परिवार में 25 वर्षीय पत्नी पूजा और तीन बच्चे हैं। स्वजन ने बताया कि पूजा गर्भवती थी। जिसे स्वजन ने बीते सोमवार को फतेहपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां आपरेशन के दौरान प्रसव हुआ, लेकिन बच्चे की मौत हो गई। वहीं प्रसूता की हालत बिगड़ने पर डाक्टर ने उन्हें कानपुर रेफर किया। जिसके बाद उन्होंने प्रसूता को चकेरी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि जहां उपचार के लिए अस्पताल प्रशासन रूपये जमा करने के लिए दबाव बनाने लगा। स्वजन ने जल्द ही रुपये जमा करने के लिए कहा। बावजूद इसके अस्पताल प्रशासन द्वारा उनकी आक्सीजन हटा दी गई। जिस कारण गुरूवार देर रात उनकी मौत हो गई। वहीं मरीज की मौत के बाद बिल नहीं जमा होने पर अस्पताल ने शव देने से मना कर दिया। जिसके बाद शुक्रवार दोपहर को स्वजन ने अस्पताल प्रशासन पर उपचार में लापरवाही के कारण मौत होने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। साथ ही जीटी रोड पर ईंट-पत्थर लगाकर रोड जाम करने का प्रयास किया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित तीमारदारों को समझाकर रोड से किनारे करवाया। साथ ही कार्रवाई का आश्वासन देकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया। जिसके बाद स्वजन ने अस्पताल के खिलाफ थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी मधुर मिश्रा ने बताया कि स्वजन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *