क्राइम ब्रांच ने पकड़ी नकली पान मसाला फैक्ट्री

-थाना चकेरी के श्याम नगर में क्राइम ब्रांच ने की बड़ी कारवाई
-खुद को टीवी पत्रकार बता मालिक ने किया अर्दब में लेने का प्रयास
-फैक्ट्री मालिक के पास मिला प्रेस की फर्जी आइडी और आईकार्ड
-एसएनके और विमल नाम से बनाया जा रहा था नकली पान मसाला
-घर से ही संचालित हो रहा था नकली पान मसाला बनाने का काम
-क्राइम ब्रांच ने मालिक समेत तीन अभियुक्तों को दबोच लिया
-बड़ी मात्रा में पैक पान मसाला और कच्चा माल भी हुआ बरामद
-पकड़े गये माल की कीमत लाखों रुपये की आंकी जा रही है

कानपुर। लंबे समय से आ रही नकली पान मसाला बनाने की शिकायत पर क्राइम ब्रांच टीम ने अपने खुफिया तंत्र को सक्रिय करके रविवार को बड़ी कारवाई की। क्राइम ब्रांच और चकेरी पुलिस ने मिलकर केडीए कालोनी रामपुरम श्याम नगर में छापा मारकर नकली एसएनके और विमल पान मसाला की बड़ी खेप पकड़ ली। जो कि बाजार में खपाने के लिए तैयार की गई थी। पुलिस ने सरगना समेत तीन अभियुक्तों को भी मौके से हिरासत में लिया है। पकड़े गये माल की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

पत्रकार बनकर झाड़ा रौब
नकली पान मसाला फैक्ट्री की सूचना पर जब क्राइम ब्रांच की टीम ने श्याम नगर में अंकित दीक्षित के घर में दबिश दी तो वह पहले तो खुद को एक टीवी चैनल का पत्रकार बताकर रौब गांठने की कोशिश की। जब पुलिस ने पड़ताल की तो वह फर्जी निकला। पुलिस को उसके पास से प्रेस की फर्जी आइडी और आईकार्ड, माइक भी बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ही गोविन्द नगर निवासी संतोष सहगल और थाना बराü निवासी दशरथ को भी हिरासत में लिया है। इसमें मुख्य अभियुक्त अंकित दीक्षित है जो जो कि संतोष और दशरथ से काम करवाता था।

बरामदगी
एक बंडल विमल पान मसाला का रैपर, 4 बंडल एसएनके पान मसाला का रैपर, 183 पैकेट विमल मसाला, 585 पैकेट एसएनके पान मसाला छह बोरी, एक सफेद बोरी में 613 पैकेट तंबाकू, एक बोरी कटी सुपारी 14 किलो, एक बोरी में बना माल 13 किलो, 1 मसाला मिक्शर मशीन, 9120 रुपये, 3 अदद स्माट, फोन एक प्रेस आइडी व एक कार होंडा अमेज।

एसएनके मालिकों ने दी तहरीर
एसएनके कंपनी के पवन गुप्ता और विमल गुटखा की तरफ से बीपी श्रीवास्तव ने चकेरी थाने में तहरीर दी। चकेरी पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा लिख लिया है। क्राइम ब्रांच की टीम नकली पान मसाला फैक्ट्री चलाने के रैकेट में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *