गंगा नहाने आये कारखाना कर्मी की डूबकर मौत

कानपुर में गंगा नहाने आये कारखाना कर्मी की डूबकर मौत, गोताखोरों की मदद से देर शाम निकलवाया शव

कानपुर में कोहना के भैरवघाट पर दोस्तों संग गंगा नहाने आये कारखाना कर्मी की डूबने से मौत हो गई। साथियों के शोर मचाने पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कराई। देर शाम उसका शव बरामद हुआ। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

चंद्र नगर सीसामऊ के किशोर हाता निवासी 36 वर्षीय नितिन कुमार जरीब चौकी के एक कारखाने में काम करता था। परिवार में मां मुन्नी देवी, बड़ा भाई विपिन और पत्नी संतोषी है। विपिन ने बताया कि सोमवार को नितिन तीन दोस्तों के साथ गंगा नहाने गया था। नहाते वक्त गहराई में डूबने से शोर मचाया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने के लिए छलांग लगाई, लेकिन बहाव तेज होने से उसका कुछ पता नहीं चल सका। जिसके बाद साथियों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। कोहना पुलिस ने पहुंचकर कई गोताखोरों को नदी में उतारा और तलाश शुरू कराई। पुलिस की सूचना पर स्वजन घटनास्थल पहुंचे। देर शाम गोताखोरों ने शव बरामद किया। भाई विपिन ने बताया कि नौ माह पहले ही छोटे भाई की शादी हुई थी। कोहना थाना प्रभारी आदेश चंद्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *