कानपुर
तांत्रिक ने नाबालिग से किया दुष्कर्म भूत-प्रेत का डर दिखाकर खेत में दिया अंजाम, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
कानपुर देहात । भोगनीपुर क्षेत्र में एक तांत्रिक द्वारा 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म किया गया। पीड़िता हाथीपुर गांव स्थित गुलाटी ईंट भट्टे पर परिवार के साथ रहती है।
बीमारी के इलाज के लिए पीड़िता के पिता उसे गांव के अजय पाल के पास ले गए। अजय ने लड़की पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कही। उसने इलाज के लिए रात में रुकने को कहा। आरोपी पीड़िता को पूजा के बहाने खेत में ले गया। उसने पिता को दूर बैठने को कहा और नाबालिग के साथ अश्लील हरकतें की।
पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने परिवार को तांत्रिक क्रिया से मौत की धमकी दी। इसके बाद उसने नाबालिग से दुष्कर्म किया। घटना से डरी हुई पीड़िता ने 17 मार्च को अपनी भाभी को पूरी बात बताई।
परिवार भोगनीपुर थाने गया। पुलिस ने न तो एफआईआर दर्ज की और न ही पीड़िता का मेडिकल कराया। पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने उनके परिवार को धमकाया। आरोपी के परिवार वालों ने समझौते के लिए दबाव डाला। पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
