कानपुर
सपा की महाराजपुर विधानसभा बैठक में दिखा अनुशासनहीनता का चेहरा, प्रदेश महासचिव प्रेम प्रकाश वर्मा ने 2027 में अखिलेश को सीएम बनाने का किया दावा
कानपुर नगर : समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार, प्रदेश महासचिव प्रेम प्रकाश वर्मा की अध्यक्षता में महाराजपुर विधानसभा कानपुर ग्रामीण की एक अहम बैठक का आयोजन डायमंड ग्रीन लॉन गेस्ट हाउस, रामादेवी, कानपुर नगर में किया गया। यह बैठक आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों की रणनीति, बूथ स्तर पर संगठन सुदृढ़ीकरण और कार्यकर्ता समन्वय को लेकर आयोजित की गई थी। हालांकि बैठक के दौरान अनुशासनहीनता भी खुलकर सामने आई। कार्यकर्ता आपस में उलझते और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते नजर आए। बैठक में शुरूआती क्षणों में हंगामे का माहौल रहा, जिसे देखते हुए प्रदेश महासचिव प्रेम प्रकाश वर्मा ने हस्तक्षेप कर सभी कार्यकर्ताओं को शांत किया। उन्होंने हाथ जोड़कर सभी से संयम और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
प्रेम प्रकाश वर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा कि समाजवादी पार्टी की ताकत कार्यकर्ताओं की एकता में है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनावों में पार्टी की पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) रणनीति को मजबूत करने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान भी किया कि 2027 में अखिलेश यादव ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे ।
बैठक में जोन, सेक्टर और बूथ स्तर पर संगठनात्मक ढांचे की गहन समीक्षा की गई और पुनर्गठन पर चर्चा हुई। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा महाराजपुर विधानसभा से जुड़े कार्यकर्ताओं को दिए गए निर्देशों और चुनावी तैयारियों की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े सभी नेता, पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षगण, वर्तमान एवं पूर्व पार्षद, तथा पूर्व में चुनाव लड़ चुके सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक का उद्देश्य न केवल संगठनात्मक मजबूती रहा, बल्कि कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और अनुशासन की पुनर्स्थापना करना भी था। उम्मीद की जा रही है कि इस समीक्षा बैठक के बाद सपा का स्थानीय संगठन अधिक सक्रिय और संगठित रूप में आगामी चुनावी रणभूमि में उतरने के लिए तैयार होगा, अब देखना यह है कि सपा आगामी चुनाव में पीड़ीए के अपने समीकरण को किस तरह से जनता के बीच लाती है ?
