*ग्रीष्म ऋतु में छाता और जूता दान करने की प्रथा कैसे शुरु हुई*

 

भीष्म पितामह ने युधिष्ठिर से कहा—‘ग्रीष्म ऋतु में छाता और जूता क्यों दान दिया जाता है ? इसका कारण महर्षि जमदग्नि और भगवान सूर्य के एक प्रसंग से पता चलता है ।

 

एक बार भृगु ऋषि के पुत्र महर्षि जमदग्नि धनुष चलाने का अभ्यास कर रहे थे । वे बार-बार धनुष पर बाण रख कर चलाते और दूर गए उन बाणों को उनकी पत्नी रेणुका लाकर दिया करती थीं ।

 

ज्येष्ठ का महीना था । प्रचण्ड गर्मी पड़ रही थी, धूप बहुत तेज थी । भूमि गर्म तंदूर की तरह भभक रही थी । बाण चलाने का अभ्यास करते-करते दोपहर हो गई । रेणुकाजी वृक्षों की छाया के नीचे-नीचे चलकर जातीं, बीच-बीच में जलते हुए पैरों के तलवों और सिर को ठण्डा करने के लिए वृक्ष के नीचे कुछ देर खड़ीं हो जातीं, तब कहीं जाकर बाण बीन कर महर्षि को लाकर देती थीं ।

 

एक दिन बाण बीन कर लाने में देर होने पर महर्षि ने पूछा‘तुम्हारे आने में इतनी देर क्यों हुई ?

 

तब रेणुकाजी ने तेज धूप के कारण सिर और पैर जलने की बात बताई । इस पर महर्षि जमदग्नि सूर्यदेव पर क्रोधित हो गए और बोले—‘जिसने तुम्हें कष्ट पहुंचाया है, उस सूर्य को मैं आज ही अपने बाणों की अस्त्राग्नि से गिरा दूंगा ।’

 

ऐसा कह कर वे अपने दिव्य धनुष पर बहुत- से बाणों को रख कर सूर्य की ओर मुंह करके खड़े हो गए । उन्हें युद्ध के लिए तैयार देखकर सूर्यदेव भयभीत हो गए । वे ब्राह्मण का वेष धारण कर महर्षि के पास आए और बोले—‘सूर्य ने आपका क्या अपराध किया है ? सूर्यदेव तो आकाश में स्थित होकर अपनी किरणों द्वारा वसुधा का रस खींचते हैं और बरसात में उसे पुन: बरसा देते हैं । वर्षा से अन्न उत्पन्न होता है और अन्न ही जीवों का प्राण है । औषधियां, लताएं, पत्र-पुष्प आदि सूर्य की कृपा से ही उत्पन्न होते हैं । भला सूर्य को गिराकर आपको क्या लाभ मिलेगा ?

 

सूर्यदेव के द्वारा इस तरह प्रार्थना करने पर भी महर्षि का क्रोध शान्त नहीं हुआ । वे ब्राह्मण के वेष में सूर्यदेव को पहचान गए । सूर्यदेव महर्षि के तेज को देखकर भयभीत हो गए और उनके शरणागत हो गए ।

 

तब महर्षि ने कहा शरणागत की रक्षा करना महान धर्म है, उसके वध से पाप होता है, अत: सूर्यदेव तुम्हीं कोई उपाय सोचो, जिससे तुम्हारे तीव्र ताप से रक्षा हो सके ।’

 

भगवान सूर्य ने महर्षि को शीघ्र ही छाता और जूता (उपानह)ये दो वस्तुएं प्रदान कीं और कहा

यह छत्र मेरी किरणों का निवारण करके मस्तक की रक्षा करेगा और ये जूते पैरों को जलने से बचाएंगे । आज से ये दोनों वस्तुएं जगत में प्रचलित होंगी और पुण्य के अवसरों पर इनका दान अक्षय फल देने वाला होगा ।।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *