नवरात्रि पर कला कुंज संस्था द्वारा डांडिया इवेंट का भव्य आयोजन
नवरात्रि के पावन अवसर पर कला कुंज संस्था द्वारा डांडिया ईव का आयोजन किया गया, जिसमें शहर की अनेक जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। सर्वप्रथम डॉ. राखी बाजपेई, डॉ. विजयलक्ष्मी, निधि द्विवेदी, सलोनी, उर्वशी एवं ए.वी.एन. (AVN) से जुड़ीं डॉ. अनामिका त्रिपाठी ने गणपति जी की स्तुति एवं पुष्पांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। कार्यक्रम में डॉ. राखी बाजपेई ने महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर संगीत के प्रभाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संगीत एवं नृत्य के नियमित अभ्यास से महिलाएँ न केवल अपने मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ कर सकती हैं बल्कि आत्मविकास एवं शारीरिक संतुलन भी बनाए रख सकती हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के बच्चों ने भी आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। जय नारायण विद्या मंदिर के संगीत विभाग की अध्यक्ष प्रज्ञा शुक्ला ने अपने विचार व्यक्त किए तथा उनके निर्देशन में तैयार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
बंशी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी अपनी-अपनी प्रस्तुतियां दी।
इस अवसर पर श्रीमती अंजू खन्ना, श्रीमती अर्चना, डॉ. प्रियंका, श्रीमती कुमुद, श्रीमती शीला एवं दिलीप दुबे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में महिलाओं के स्वावलंबन को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न प्रकार के स्टॉल भी लगाए गए, जिनका उद्देश्य महिलाओं को व्यवसायिक अवसर प्रदान करना था। कार्यक्रम का सफल संचालन खुशबू जी ने किया।
