एसीपी ने मुख्य आरक्षी का चालान काटा

नोएडा ,एसीपी ने मुख्य आरक्षी का चालान काटा, ड्यूटी पर ठीक तरह से मास्क नहीं लगाना पड़ा भारी –

 

गौतमबुद्ध नगर में ड्यूटी पर एक मुख्य आरक्षी को ठीक से मास्क नहीं पहनना भारी पड़ा। मुख्य आरक्षी मनोज कुमार ने ड्यूटी के दौरान मास्क ठीक ढंग से नहीं लगा रखा था। मास्क उनकी नाक और मुंह से नीचे था। मौके पर मौजूद एसीपी अब्दुल कादिर ने मनोज का 1000 रुपये का चालान कर दिया। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान है। अब तक जनपद में मास्क नहीं लगाने और ठीक ढंग से नहीं पहनने को लेकर सैकड़ों आम लोगों के चालान किए गए हैं। लेकिन पुलिसकर्मियों को भी मास्क लगाना अनिवार्य है। मास्क से अच्छी तरह नाक और मुंह ढंका होना चाहिए।

दरअसल, गौतमबुद्ध नगर पुलिस पूरी मुस्तैदी से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करा रही है। जगह-जगह सघन चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने वालों का पुलिस चालान कर रही है। अब तक करोड़ों रुपये का राजस्व जमा हो चुका है। एसीपी अब्दुल कादिर ने मुख्य आरक्षी मनोज कुमार को ड्यूटी के दौरान बेतरतीब ढंग से मास्क पहने पाया। उन्होंने मनोज का 1000 रुपये का चालान काटा। दरअसल पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह का आदेश है कि कोरोना गाइडलाइंस का पालन नहीं करने वाले हर शख्स के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उसके पद या रसूख की वजह से कोई छूट नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा है कि अगर पुलिसकर्मी भी कोरोना नियमों का उल्लघंन करते हुए पाए गए, तो उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।

आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर में अभी लॉकडाउन लागू है। ऐसे में बिना वजह बाहर घूमने वालों और बिना मास्क के सर्वजनिक स्थान पर घूमने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह का आदेश है कि कोई भी आम इंसान या अधिकारी कोविड-19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कुछ दिनों पहले पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने एक चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया था। वह चौकी इंचार्ज कोविड-19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन करवा रहा था। जिले में इस समय पुलिस ने हाई अलर्ट जारी किया हुआ है। सभी चौराहों पर पुलिस तैनात की गई है। ऐसे समय में बिना मास्क और बेवजह घर से बाहर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *