कानपुर

 

जाजमऊ के संजय नगर में पुरानी रंजिश को लेकर बवाल, स्कॉर्पियो चालक ने ई-ऑटो व बाइकों को मारी टक्कर

 

कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय नगर में पुरानी रंजिश के चलते विवाद इतना बढ़ गया कि एक स्कॉर्पियो चालक ने ई-ऑटो और तीन बाइकों को टक्कर मार दी, साथ ही कई लोगों को कुचलने का प्रयास किया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

 

स्कॉर्पियो कार द्वारा घटना में फुरकान नामक युवक घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब युवकों ने कार रोकने का प्रयास किया तो स्कॉर्पियो चालक ने गाड़ी भगाने के चक्कर में लोगों पर चढ़ाने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया।

 

ई-ऑटो चालक ने बताया कि विवाद की शुरुआत हॉर्न बजाने को लेकर हुई थी। उस समय स्कॉर्पियो चालक वहां से चला गया था, लेकिन कुछ देर बाद राजा अपनी मां और दोस्त नूर के साथ मोहल्ले में लौट आया और हंगामा करने लगा। इसी दौरान राजा ने गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे लोग इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाने को मजबूर हो गए।

 

वहीं जाजमऊ की आशियाना कॉलोनी निवासी गुड़िया ने बताया कि रविवार को उनका छोटा बेटा जाजमऊ चुंगी से घर लौट रहा था, तभी संजय नगर निवासी शोएब ने उसे जाजमऊ चौराहे पर रोककर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

 

उक्त घटना के मामले में जाजमऊ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *