कानपुर; 26.01.2026
कानपुर मेट्रो ने जोश और उत्साह के साथ मनाया 77वां गणतंत्र दिवस

यूपीएमआरसी उच्चतम परिचालन दक्षता और लाभप्रदता के साथ स्थापित कर रहा राष्ट्रीय मानकः एमडी सुशील कुमार

मोतीझील मेट्रो स्टेशन पर रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के कानपुर मेट्रो स्टाफ ने आज गुरूदेव चौराहा स्थित मेट्रो डिपो में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया। श्री अरविंद मीणा, परियोजना निदेशक, यूपीएमआरसी ने कानपुर मेट्रो के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में तिरंगे को सलामी दी। श्री सुशील कुमार, प्रबंध निदेशक, यूपीएमआरसी ने लखनऊ मेट्रो डिपो में सभी निदेशकों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में झंडारोहण किया।

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने इस अवसर पर अपने संबोधन में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विकसित भारत का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि, “गणतंत्र दिवस हमें हमारे संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। दुनिया में किसी भी विकसित देश की आधारशिला वहां के ट्रांसपोर्ट सिस्टम से रखी जाती है। वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत‘ की परिकल्पना में यूपीएमआरसी की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत में मेट्रो नेटवर्क का निरंतर विस्तार हो रहा है। आज हमारा देश मेट्रो नेटवर्क के मामले में अमेरिका और चीन के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच चुका है और जल्द ही दूसरे स्थान पर पहुंचने की ओर अग्रसर है।‘‘

उन्होंने आगे कहा कि भविष्य की योजना के तहत प्रदेश के अंदर लखनऊ में 225 किमी, कानपुर में 200 किमी और आगरा में 100 किमी तक मेट्रो नेटवर्क का विस्तार प्रस्तावित है। इसके अलावा नोएडा – ग्रेटर नोएडा, वाराणसी और प्रयागराज में 150 – 150 किमी तथा गोरखपुर, बरेली, मुरादाबाद, मेरठ, झांसी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, अलीगढ़ और सहारनपुर में 50 – 50 किमी के मेट्रो नेटवर्क का प्रस्ताव है।

परिचालन की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए प्रबंध निदेशक ने यूपीएमआरसी द्वारा ‘की परफॉर्मेंस इंडेक्स‘ में बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने बताया कि यूपीएमआरसी के सभी मेट्रो सिस्टम वर्तमान में लाभ की स्थिति में हैं। प्रति किमी अधिकतम राजस्व और न्यूनतम लागत के साथ यूपीएमआरसी ने टियर – 2 शहरों में संचालन दक्षता का राष्ट्रीय स्तर पर मानक स्थापित किया है। ऑपरेशन्स के क्षेत्र में समयबद्धता, सुरक्षा और कुशलता के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश मेट्रो का प्रदर्शन वैश्विक स्तर का रहा है।

मोतीझील स्टेशन पर रक्तदान शिविर का आयोजन
कानपुर मेट्रो ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर संकल्प सेवा समिति, बिग एफएम और आईआईटी कानपुर के सहयोग से मोतीझील स्टेशन पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस रक्तदान शिविर में मेट्रो कर्मचारियों और शहर वासियों ने बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया। दोपहर 12ः00 बजे से आरंभ होकर शाम के 5ः00 बजे तक चले इस शिविर में डोनर्स को आयोजकों की तरफ से प्रशस्ति पत्र और उपहार भी वितरित किए गए। ब्लड डोनेशन के लिए आए यात्रियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए इसके फायदे भी बताए गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *