सेंट्रल स्टेशन का डीआरएम ने किया निरीक्षण, परीक्षार्थियों व माघ मेला यात्रियों की सुविधाओं पर जोर

कानपुर। मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज मंडल रजनीश अग्रवाल ने गुरुवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या एक से लेकर स्टेशन के सिटी साइड क्षेत्र तक का जायजा लिया और स्टेशन पुनर्विकास योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक ने आगामी दिनों में विभिन्न प्रतियोगी एवं शैक्षिक परीक्षाओं के आयोजन को देखते हुए बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आवागमन की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय परीक्षार्थियों को प्लेटफॉर्म तक सुचारु, सुरक्षित और निर्बाध पहुंच सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया के प्रभावी और सुव्यवस्थित संचालन पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान माघ मेला के शेष दो प्रमुख स्नान पर्वों को लेकर की गई तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यात्री सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखा जाए।

उन्होंने रेलवे ट्रैक की गुणवत्ता, संरक्षा मानकों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक सुधारों के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके पश्चात वीआईपी लॉज में अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सभी व्यवस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अवसर पर उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर आशुतोष सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त प्रयागराज विजय प्रकाश पंडित सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *