
धर्मांतरण के विरुद्ध पूरे प्रान्त में उभरा प्रचंड जनाक्रोश, बजरंग दल के नेतृत्व में 21 जिलों में व्यापक प्रदर्शन, प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन
कानपुर प्रान्त। 17 अप्रैल 2026 शुक्रवार
विक्रम संवत: 2083
अवैध धर्मांतरण, सुनियोजित षड्यंत्रों एवं समाज में बढ़ती असुरक्षा की घटनाओं के विरोध में विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल के नेतृत्व में आज कानपुर प्रान्त के सभी 21 जिलों में व्यापक आक्रोश प्रदर्शन आयोजित किए गए।
विश्व हिंदू परिषद कानपुर प्रान्त के प्रान्त मंत्री राजू पोरवाल जी ने कहा कि नासिक स्थित टीसीएस जैसे प्रकरणों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अवैध धर्मांतरण अब एक संगठित और व्यापक षड्यंत्र का रूप ले चुका है, जो समाज की एकता, सांस्कृतिक अस्मिता एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को लक्षित कर प्रलोभन, दबाव एवं छल के माध्यम से प्रभावित करने के प्रयास अत्यंत चिंताजनक हैं और इन पर निर्णायक रोक आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि आज के इन प्रांतव्यापी प्रदर्शनों के माध्यम से समाज ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब मौन रहने का समय समाप्त हो चुका है। हिंदू समाज अपनी अस्मिता, सुरक्षा एवं आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए संगठित होकर खड़ा है और किसी भी प्रकार के अवैध धर्मांतरण या सामाजिक विघटन को स्वीकार नहीं करेगा।
प्रदर्शनों के उपरांत सौंपे गए ज्ञापन में अवैध धर्मांतरण पर रोक हेतु राष्ट्रव्यापी कठोर कानून बनाने, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जों को हटाने तथा ऐसे सभी संगठित षड्यंत्रों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
विश्व हिंदू परिषद ने केंद्र एवं राज्य सरकारों से अपेक्षा की है कि इस विषय की गंभीरता को समझते हुए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं, जिससे देश में शांति, सुरक्षा एवं सामाजिक समरसता सुनिश्चित की जा सके।
कानपुर महानगर में बजरंग दल विभाग संयोजक नरेश तोमर के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं हिंदू समाज ने प्रचंड जनाक्रोश प्रकट किया।
कानपुर महानगर में बड़ा चौराहा पर आयोजित मुख्य प्रदर्शन में विशाल जनसमूह एकत्रित हुआ, जहां से प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए अवैध धर्मांतरण एवं संगठित गतिविधियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की गई। पूरे प्रान्त में विभिन्न जिला मुख्यालयों पर भी प्रदर्शन कर प्रशासन के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किए गए।
बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक प्रकाश शर्मा जी, बजरंग दल के चारों जिला संयोजक पश्चिम रौनक राय, उत्तर मोहित, दक्षिण विशेष सोनकर, पूर्व के आकाश यादव के नेतृत्व में पूरे महानगर से बजरंगी एकत्र हुए।अर्चना तिवारी, आशीष गुप्ता,अनुराग दुबे, कालीचरण,नितिन जगरानी, शुभम, प्रशांत शुक्ला, शिवम सोनकर, मुकेश, अनूप, विवेक द्विवेदी, समेत भारी संख्या में भगिनी बंधु उपस्थित रहे।
जारी कर्ता:
ओमेंद्र अवस्थी
प्रान्त प्रचार प्रसार प्रमुख
विश्व हिंदू परिषद, कानपुर प्रान्त
