कानपुर, 17 अप्रैल 2026 | अवैध धर्मांतरण के बढ़ते मामलों और हाल के चर्चित प्रकरणों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) व बजरंग दल ने आज शुक्रवार को कानपुर के बड़ा चौराहे पर भारी जनसमूह जुटाकर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन प्रांत के सभी 21 जिलों में आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी आक्रोश अभियान का हिस्सा था।
विश्व हिंदू परिषद के इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और हिंदू समाज के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने ‘अवैध धर्मांतरण बंद करो’, ‘हमारी बहन-बेटियों की रक्षा करो’ जैसे नारे लगाए।
इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री राजू पोरवाल भी मौजूद रहे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “अपनी बहनों-बेटियों की रक्षा करना हमारा प्रथम कर्तव्य है। हमें अपनी धर्म और संस्कृति की रक्षा करने का अधिकार है, और इसी अधिकार के तहत हम समाज विरोधी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े हुए हैं।”
श्री पोरवाल ने फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि धर्मांतरण के नाम पर हिंदू बेटियों के साथ गलत काम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “इन घटनाओं को केवल यह कहकर खारिज नहीं किया जा सकता कि कुछ लड़कों ने ऐसा किया है। अब यह प्रमाणित हो चुका है कि यह सब एक संगठित और सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है।”
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से सख्त कानून बनाने और अवैध धर्मांतरण के मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग की। इस दौरान बड़े चौराहे पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण समाप्त हुआ।
