कानपुर: अंबेडकर प्रतिमा के नीचे छात्र का आमरण अनशन, पुलिस फोर्स मौजूद

 

कानपुर, 17 अप्रैल 2026: नानाराव पार्क स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे कानपुर विश्वविद्यालय के छात्र सचिन चंद्रा अपने साथियों के साथ धरने पर बैठे हैं। छात्र ने पुलिस पर संविधान विरोधी कार्य करने, बर्बरता और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है।

 

सचिन चंद्रा का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें पिस्टल की नोक पर अपमानित किया तथा ‘हाफ एनकाउंटर’ की धमकी दी। उनकी शिकायत दर्ज न करने पर उन्हें अदालत का सहारा लेना पड़ा। कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिसकर्मियों द्वारा दहशत फैलाने का आरोप है। कुछ दिन पूर्व उन्होंने कानपुर प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर भी न्याय की मांग की थी।

 

छात्र ने चेतावनी दी है, जब तक हमें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आमरण अनशन जारी रखेंगे।

 

मौके पर पुलिस बल मौजूद, समझाने के प्रयास जारी

 

घटनास्थल पर कानपुर पुलिस मौजूद है। पुलिस प्रशासन की ओर से धरना स्थल पर पहुंचकर छात्रों को समझाने और उनकी मांगों पर बातचीत के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और अनशन समाप्त करने को तैयार नहीं हैं। फिलहाल मौके पर स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *