ओटीटी प्लेटफॉर्म एमएक्स प्लेयर पर मर्तोलिया फ़िल्म्स की नई शॉर्ट फिल्म “रिक्शावाला” रिलीज हुई। जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। मानवीय संवेदनाओं को दर्शाती इस फिल्म में हाथरिक्शेवालों के दर्द को फिल्म के कलाकार उमेश शुक्ला ने बखूबी दर्शाया है वहीं फिल्म की हीरोइन आयरा शर्मा ने भी अपनी भूमिका के साथ पूरा न्याय किया। एक दयाशील महिला के रोल को उन्होंने बखूबी निभाया। 32 मिनट की शार्ट फिल्म में हाथरिक्शेवालों के दर्द को डायरेक्टर एवं लेखक धीरज सिंह ने बहुत ही अच्छे तरीके से निर्देशित किया है। प्रड्यूसर विजय सिंह मर्तोलिया ने बताया कि दौड़ भाग की जिंदगी में हमने यातायात के कई अन्य सुगम साधन तो ढूंढ लिए लेकिन हाथरिक्शेवाले इस दौड़ में पीछे रह गए, उन्हीं के दर्द को यह फिल्म दर्शाती है। शहर में आज भी हजारों हाथरिक्शेवाले मजदूर हैं। जिनके सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। यातायात के कई अन्य साधन आ जाने से इन हथरिक्शेवालों का रोजगार चौपट हो गया है जबकि यह भी हमारे समाज का हिस्सा है। हम लोगों को इनकी मदद करनी चाहिए और इन्हें अन्य रोजगार से जोड़ना चाहिए। इस शार्ट फिल्म के माध्यम से समाज को जागृत करने का काम किया गया है।

2021-06-20
