होलिका दहन स्थल पर कब्जे की शिकायत करने पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य पर हमला
संवाद सहयोगी झींझक
Sun, 13 Mar 2022
कानपुर देहात में मंगलपुर तिराहे के होलिका दहन स्थल पर कब्जे की शिकायत करने पर भाजपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य के ऊपर मंगलपुर के पूर्व प्रधान के पुत्रों ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। पथराव कर कार तोड़ दी। आरोप है कि फायर भी किया गया। पुलिस ने चार नामजद 35 से 40 अज्ञात के खिलाफ गाली-गलौज, बलवा जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मंगलपुर निवासी भाजपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य संतोष प्रताप सिंह ने बताया कि शनिवार को मंगलपुर थाने में शांति समिति की बैठक में भू माफिया के मंगलपुर तिराहे पर होलिका दहन स्थल पर कब्जे का मामला उठाया था। देर रात जब मैं अपनी कार से अनिल भदौरिया, शिवप्रताप सिंह व कौशलेंद्र सिंह के साथ घर जा रहा था तभी पूर्व प्रधान रसीद कुरैशी के दरवाजे पर पहले से हमलावर घात लगाए बैठे थे। उसके बेटों गुजलार अफसर, अब्दुल मन्नान कुरैशी, गुलफाम कुरैशी, भोला कुरैशी समेत 35 से 40 अज्ञात लोगों ने मेरी कार पर हमला कर दिया और ईंट पत्थर चलाए। इससे कार टूट गई। किसी तरह कार भगाकर खुद को बचाया। आरोप है कि कार पर फायर भी किया, लेकिन गनीमत रही कि सभी सकुशल बच गए। थाना प्रभारी मंगलपुर अजय प्रताप सिंह ने बताया की पूर्व जिला पंचायत सदस्य की तहरीर पर चार नामजद व 35 से 40 अज्ञात के खिलाफ बलवा आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।
