रूरा में एक बार फिर मुख्य पाइप लाइन के फटने से रविवार को पूरे कस्बे की पानी की आपूर्ति पूरे दिन के लिए बाधित रही। रविवार का दिन छुट्टी का होने से महिलाओं को बच्चों के स्कूल कपड़े व अन्य घरेलू काम के लिए पानी के लिए जूझना पड़ा। आरओबी खोदाई से आए दिन फट रही भूमिगत पाइप लाइन से बाधित होती पानी की सप्लाई को लेकर लोगों में नाराजगी व्याप्त है। दिनभर पाइप लाइन की मरम्मत के लिए खोदाई व फैले पानी से रास्ता बेहद फिसलन भरा रहने से किसानों को आलू भरे ट्रैक्टर निकालने में भारी दिक्कत उठानी पड़ी ऐसे में मरम्मत कार्य तक जाम की स्थिति बनी रहने से रेंग रेंग वाहन निकल पाए।
जिला सहकारी बैंक के पास लेकर पूर्व विधायक आवास तक आरओबी पिलर के गड्ढे की खोदाई तो कभी शटरिग गिरने के अलावा भारी वाहनों के दबाव में आए दिन फट रही पाइप लाइन कस्बा के लिए परेशानियों का सबब बनकर रह गई है। स्थिति यह है कि बीते एक माह से अब तक 10 दिनों तक पानी की सप्लाई ठप हो चुकी है। ऐसे में पानी की दिक्कत के साथ ही मरम्मत व आरओबी कार्य के चलते संकीर्ण हो रहे रास्ते से जाम की स्थिति होने से पैदल राहगीर व वाहन सवार लोग रेंग-रेंग कर निकल पाते हैं। वर्तमान समय मे खेत पर आलू की खोदाई के बाद आलू को बोरो में भरकर कोल्ड स्टोरेज तक ट्रैक्टरों से ढुलाई का काम किसान सबसे तेजी से कर रहे है, लेकिन वह लोग खराब आवागमन व जाम से हलकान है। मुख्य पाइप लाइन के फटने से रविवार को नगर पंचायत के कर्मी कल्लू सिंह की देखरेख में पूरे दिन अन्य कर्मियों के साथ खोदाई कर मरम्मतीकरण का काम चला ऐसे में फिसलन व सकरा रास्ता लोगों के लिए मुसीबत बना रहा। ईओ पवन किशोर मौर्य ने बताया कि पिलर खोदाई के गड्ढे के पास से भरी वाहन निकलने से पाइप लाइन फट गई थी जिसे मरम्मत करा कर मिट्टी भराई आदि कर मजबूती दे दी गई है सोमवार की सुबह पानी की सप्लाई होगी।
