कानपुर। शहर के चर्चित व्यक्ति मनोज सेंगर उर्फ गोल्डन बाबा हुए लापता। सुबह मॉर्निंग वॉक के लिये घर से निकले थे। कई घंटों तक वापस न आने पर बेटे ने काकादेव पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बेटे की रिपोर्ट लिखने के बाद उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने उनके रिश्तेदारों और करीबियों से गहन पूछताछ की। लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
कानपुर के मनोज सेंगर उर्फ गोल्डन बाबा को कौन नहीं जानता है। उनको कानपुर का बप्पी लहरी भी कहा जाता है। वह सोना पहनने के लिये पूरे उत्तर प्रदेश में प्रसिद्ध हैं। उनको शहर में एक अलग पहचान मिली है। मंगलवार सुबह वह अपने काकादेव स्थित घर से मॉर्निंग वॉक के लिये निकले थे। लेकिन दोपहर तक न लौटने पर परिवारवालों को उनकी चिंता हुई। परिवारवालों ने आसपास के लोगों व गोल्डन बाबा के करीबियों से पूछताछ की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। तो उनके बेटे ने काकादेव थाने में जाकर गोल्डन बाबा के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने तहरीर लेने के बाद उनके खास दोस्तों और पड़ोसियों से पूछताछ की। पुलिस ने घर से लेकर वॉर्निंग वॉक वाले रास्ते पर गहन पड़ताल की। रास्ते में पड़ने वाले सीसीटीवी भी खंगाले, लेकिन उनका कहीं सुराग नहीं लगा। पुलिस घटना की हर एंगल से जांच-पड़ताल कर रही है। बेटे ने बताया कि वह अपना मोबाइल, पैसे, सोने-चांदी के जेवर घर पर ही रखकर वॉक पर निकले थे।
2022-03-15
