कानपुर : रामोत्सव में लिया हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प, कहा – आतंकवाद को राम के अलावा कोई नहीं कर सकता खत्म
Sun, 17 Apr 2022
रामोत्सव में कानपुर प्रांत के छह हजार गांवों से आए राम भक्तों ने हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया। विश्व हिंदू परिषद द्वारा राम नवमी के मौकेपर रविवार को आयोजित कार्यक्रम में छह हजार बच्चे, किशोर और युवा भगवान श्रीराम के रूप में आए थे। इस दौरान सभी ने राम नवमी के मौके पर अलग-अलग राज्यों में हुई हिंसा पर नाराजगी जताई और साफ किया कि हिंदू अब डरने वाला नहीं है।
साध्वी ऋतम्भरा ने हिंदुओं को टुकड़ों में बांटने वालों पर नाराजगी जताई। उन्होंने साफ कहा कि देश में राजनीतिक वितंडावाद पैदा कर जिन लोगों ने हिंदू समाज को टुकड़ों में बांटा, उन्हें धूल में मिटाकर हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र बनाएंगे।
कड़ी धूप के बीच मौजूद हजारों लोगों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य भय्याजी जोशी ने कहा कि न्याय-अन्याय, आसुरी व दैवीय शक्तियों के बीच जब भी संघर्ष हुआ है, अंतिम समय में जीत सत्य की ही हुई है।
विहिप के केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने रामभक्तों में ऊर्जा भरते हुए किसी भी हिंसा से हिंदू समाज डर कर पीछे नहीं हटेगा। लव जेहाद के नाम पर हिंदू बहनों का अपहरण करने वाली आसुरी शक्तियों के समूल नाश का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि रोग और शत्रु का समूल नाश किया जाना चाहिए।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के वरिष्ठ सदस्य डा. रामविलास वेदांती ने कहा कि कलियुग में बहुत से रावण है, इन रावणों को खत्म करने के लिए हर गांव में राम की जरूरत है। आतंकवाद को राम के अलावा कोई और खत्म नहीं कर सकता।
कार्यक्रम के दौरान ग्लाइडर से फूल बरसाए गए। कार्यक्रम की अध्यक्ष डा. उमेश पालीवाल ने की और संचालन विहिप के प्रांत मंत्री वीरेंद्र पांडेय ने किया।
