उन्नाव में महिला को बंधक बना कई दिनों तक किया सामूहिक दुष्कर्म, सात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Sun, 17 Apr 2022
उन्नाव में अनुसूचित जाति की एक महिला को 54 दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। फतेहपुर चौरासी थाना पुलिस ने पांच माह से चक्कर काट रही पीड़िता की तहरीर पर आखिरकार सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि अश्लील वीडियो बनाकर आरोपित उसे ब्लैकमेल करते हुए सादे कागजों पर हस्ता क्षर करा पिता की संपत्ति हड़पने की साजिश रच रहे हैं।
फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के एक गांव निवासी करीब अनुसूचित जाति की 32 वर्षीय महिला ने तहरीर में आरोप लगाया कि 12 नवंबर 2021 को उसके पिता और पुत्र को जान से मारने की धमकी देते हुए उसका अपहरण कर लिया गया। आरोपित गांव काली निवासी अरुण कुमार उर्फ गोलू, उसके पिता सर्वेश और भाई जाना, गांव गगेहरा निवासी चमन, टाडा सातन निवासी अरविंद, उसका भाई अखिलेश यादव और गौतम बुद्ध नगर निवासी उसके चाचा ने उसे नशीली दवाएं खिलाकर लगातार कई दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किया। उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई जिन्हें दिखाकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया और नशे की हालत में ही 20 सादे कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए। छह जनवरी को वह किसी तरह से उन लोगों के चंगुल से बच कर भागी और अपने घर पहुंची। पति को आपबीती सुनाई।
इसके बाद से लगातार आरोपितों की शिकायत करती रही लेकिन, कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। बताते हैं कि पीड़िता के पति अधिवक्ता हैं। घटना के संबंध में फतेहपुर चौरासी थाना प्रभारी अवनीश कुमार ने कहा कि महिला की तहरीर पर अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला को मेडिकल के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच की जा रही है।
