उन्नाव में टोल बैरियर के पास मिला अपह्रत मछली व्यापारी, अपह्रताओं की तलाश में जुटी पुलिस
Sun, 17 Apr 2022
लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर अजगैन कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज स्थित एक रेस्टोरेंट से अपहृत मछली कारोबारी को पुलिस ने टोल के पास से बरामद कर लिया है। पुलिस का दावा है कि दबाव बढ़ने पर अपहर्ता कारो बारी को टोलप्लाजा के पास छोड़ कर भाग निकले। अब पुलिस अपहर्ताओं की तलाश कर रही है। लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं।
मूल रूप से जनपद जौनपुर के गांव ददरी निवासी संतोष पुत्र लाल विश्वकर्मा जो मुंबई में रहकर मछली का कारोबार करता हैं वह 12 अप्रैल को कानपुर के नानकारी निवासी अशोक गौड़ पुत्र छोटेलाल गौड़ के पास आया था। वहां से 13 अप्रैल को दोनों कार से अयोध्या गये थे। वहां रामलला के दर्शन किये और वहीं पर कुछ काम निपटाया और कानपुर के लिए लौट पड़े। रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों कानपुर- लखनऊ राजमार्ग किनारे नवाब गंज स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने के लिए रुके। दोनों ने खाना खाया और फिर साथी अशोक खाने का भुगतान करने के लिए रेस्टोरेंट के काउंटर पर चला गया। तभी चार अज्ञात लोग वहां पहुंचे और संतोष को जबरन वहां से एक कार में डाल लिया और लखनऊ की तरफ भाग गये। पेमेंट करने के बाद जब अशोक वापस लौटा तो उसने संतोष की तलाश की तो रेस्टोरेंट में बैठे लोगों ने उसे घटना की जानकारी दी। इसपर उसने अजगैन कोत वाली में घटना की सूचना दर्ज कराई थी।
रविवार को नवाबगंज चौकी इंचार्ज अमित कुमार ने बताया की घटना के बाद सर्विलांस की मदद से लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। लोकेशन के हिसाब से जौनपुर भी टीम गयी थी और अपहरण करने वाले के घरों पर भी दबिश दी पर वो भी वहां नही मिले और जब पुलिस का दबाव बना तो अपहरणकर्ता संतोष को टोल के पास छोड़ कर भाग गये। पुलिस ने उसे वही से बरामद किया और चारों अपहरण कर्ताओं की तलाश में दबिश दे रही है।
अपहर्ताओं ने मांगी थी फिरौती
चौकी इंचार्ज नवाबगंज ने बताया की संतोष का अपहरण करने वाले आरोपित युवक उससे रुपये की डिमांड की थी। लेकिन पुलिस की छापेमारी की वजह से अपहर्ता बिना फिरौती लिए ही उसे छोड़कर भाग गए। अब आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही इस प्रकरण से पर्दा उठ पायेगा
