कानपुर देहात की डीएम नेहा जैन ने बुधवार सुबह जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चार डाक्टर ओपीडी में नहीं मिले साथ ही कई कर्मी अनुपस्थित थे। सभी से स्पष्टी करण तलब किया गया है। वहीं पीकू वार्ड, इमरजेंसी के साथ ही अस्पताल में मरीजों से उन्होंने बात की। इस दौरान अल्ट्रासाउंड सातों दिन न होने की समस्या जानकर उसके निस्तारण का सभी को भरोसा दिया।
जिला अस्पताल में डाक्टरों के देर से आने व जल्दी जाने को लेकर आ रही शिकायतों का संज्ञान डीएम नेहा जैन ने लिया। बुधवार सुबह ही वह अस्पताल पहुंच गईं। यहां पर ओपीडी में डा. अशोक जतारया, डा. पुष्कर आनंद, डा. आरके गौतम व डा. अवधेश कटियार समेत कई स्टाफ गायब मिले। इसके बाद वह पीकू वार्ड गईं और वहां भी उपलब्ध व्यवस्था को जाना। वार्ड में मरीजों से बात की तो महिलाओं ने अल्ट्रासाउंड की समस्या बताई। जानकारी की तो पता चला कि एक स्टाफ ही होने व अलग अलग अस्पताल में ड्यूटी के चलते सातों दिन सुविधा न हो पाने की बात पता चली। इस पर उन्होंने उच्चाधिकारियों से पत्राचार समस्या समाधान की बात कही। वहीं एआरवी कक्ष व मरहम पट्टी कक्ष को अलग अलग करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। डीएम ने बताया कि मरीजों को समस्या न हो इसके लिए औचक निरीक्षण होते रहेंगे। जिम्मेदार खुद में सुधार ले आएं तो बेहतर है। नए सीएमएस आए हैं तो उम्मीद है कि जल्द सुधार होगा और मरीजों को कोई समस्या नहीं होगी।
