कानपुर देहात जिले के दो अलग अलग क्षेत्र में युवक व श्रमिक ने फंदा लगाकर जान दे दी। राजपुर में युवक ने घर में तो भोगनीपुर क्षेत्र में ईंट-भट्ठा श्रमिक ने फंदा लगा आत्महत्या कर ली।
महोबा के थाना व कस्बा कबरई निवासी गुड्डो ने बताया कि वह अपने पुत्र रामकरन व अन्य स्वजन के साथ अमरौधा कस्बा के पास स्थित एक भट्ठे पर ईंट पाथने का काम करती है। बुधवार को सभी काम पर थे तभी उसका 23 वर्षीय पुत्र रामकरन पानी पीने की बात कहकर वहां से चला गया और पास में ही बने अस्थायी आवास के ऊपर लगे बांसों में अंगौछे का फंदा लगाकर जान दे दिया। कुछ देर बाद पुत्री आरती गई तो शव देख चीख पड़ी। उसे उतारकर सीएचसी पुखरायां ले गए, जहां इमरजेंसी चिकित्सक डा. मनोज कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। रामकरन की मौत होने पर उसकी मां गुड्डो, बहनें आरती व गोमती, रिश्तेदार चंदा व रजनी का रोकर बुरा हाल हो गया।
अमरौधा चौकी इंचार्ज सीपी तिवारी पहुंचे और छानबीन की। स्वजन ने किसी तनाव में होने की बात कही है। उधर, राजपुर थाना कस्बा के ब्लाक रोड बस्ती निवासी रामाश्रय कश्यप का 21 वर्षीय पुत्र अमन कश्यप आइटीआइ की पढ़ाई करने के बाद इन दिनों कानपुर के किसी ठेकेदार के यहां कोई तकनीकी काम कर रहा था। बुधवार की दोपहर को किसी कारण तनाव में आकर घर के अंदर कमरे में रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। स्वजन की नजर पड़ी तो उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए ले गए यहां प्रभारी चिकित्सक डा. डीके सिंह ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष कपिल दुबे ने बताया कि मानसिक तनाव में जान देने की बात सामने आई है।
