पंचायती राज मंत्रालय में सीखा, कैसे हो गांव का विकास
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत दिल्ली के विज्ञान भवन में पंचायती राज मंत्रालय के आयोजित समारोह में अकबरपुर ब्लाक क्षेत्र के तिंगाई प्रधान ने Sभाग लिया। उन्होंने गांव विकास के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं के डेमो देख प्रशिक्षण लिया। साथ ही प्लास्टिक कचरे से आय बढ़ाने व जल संरक्षण सहित अन्य योजनाओं को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया।
ग्राम पंचायतों के नव निर्माण संकल्प के तहत पंचायती राज मंत्रालय ने विभिन्न प्रदेशों के जागरूक ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षित करने के लिए सप्ताह शुरू किया है, जिसमें अकबरपुर ब्लाक के तिंगाई ग्राम सभा के पेशे से शिक्षक ग्राम प्रधान पंकज यादव का भी चयन हुआ था। सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में केंद्रीय मंत्री पंचायती राज विभाग कपिल मोरेश्वर पाटिल व जनरल सेक्रेटरी सुनील कुमार ने प्रधानों को सभी सरकारी योजनाओं के बारे में अधिक से अधिक जानकारी रखने के लिए जागरूक किया। साथ ही गांव में ईमानदारी से विकास कराने की सलाह दी। सरकार की विकास योजनाओं के बारे में कई डेमो दिखा कर कई प्रदेशों से आये प्रधानों को प्रशिक्षण दिया गया। तिंगाई प्रधान ने बताया कि गांव में लोगों के फेंके जा रहे विभिन्न प्रकार के कचरे, प्लास्टिक आदि को इकट्ठा कर अलग अलग ढंग से बिक्री कर गांव की आय बढ़ाने व जल संरक्षण के लिए नलों व बरसात का पानी संजोकर खेत की सिंचाई व अन्य उपयोग में करने सहित अन्य योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई थी। नए उत्साह के साथ गांव की सूरत बदलने का प्रयास किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण में ग्राम प्रधान को शामिल करने पर गांव के लोगों ने खुशी व्यक्त की है।
