हमीरपुर में राठ-पनवाड़ी मार्ग स्थित नवीन गल्ला मंडी के पास शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार तीन युवकों को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक में सवार दो युवकों की मौत हो गयी। जबकि एक युवक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया। वहीं दोनों मृतकों के स्वजन ने कोतवाली में अज्ञात कार चालक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
झांसी के कस्बा मऊरानीपुर गांधीगंज निवासी राकेश पुत्र किशोरी ने बताया कि उनके मोहल्ले के सुनील पुत्र सेटू का विवाह बीते बुधवार को मझगवां गांव निवासी युवती के साथ था। जिसमें शामिल होने के लिये एक बाइक पर उसका 24 वर्षीय छोटा भाई सुरेश व मोहल्ले के ही 21 बर्षीय अवधेश पुत्र गनेश एवं 20 बर्षीय शैलेंद्र पुत्र चन्द्रभान उर्फ चंदू आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक नवीन गल्ला मंडी स्थित नहर के पास पहुंची तभी राठ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक में सवार अवधेश व शैलेंद्र सड़क पर गिरकर घायल हो गये व सुरेश नहर में जा गिरा। गाड़ी चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग खड़ा हुआ।
मौके पर पहुंची पुलिस ने अवधेश व शैलेंद्र को तत्काल सीएचसी राठ लेकर गए। जहां पर चिकित्सक ने अवधेश को मृत घोषित कर दिया। जहां शैलेंद्र की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया। घटना की जानकारी होने पर वह स्वजन सहित राठ पहुंचा जहां पर सुरेश का पता न चलने से उसकी तलाश की गयी। जिसका शव नहर में पड़ा देखकर उनके होश उड़ गये।
मृतक सुरेश मऊरानीपुर में नवीन गल्ला मंडी में पल्लेदारी करता था। उसकी एक दो वर्षीय पुत्री संस्कृति है और उसकी पत्नी संजना है जो गर्भवती है। उसने बताया कि मृतक सुरेश दूसरे नंबर का था। उसका सबसे छोटा भाई सुरेंद्र है। उसके पिता की बीते 15 वर्ष पहले ही मृत्यु हो गयी थी। वहीं मृतक अवधेश चार भाई हैं। मृतक तीसरे नंबर का था। उसका बड़ा भाई अमित, रमाकांत एवं सागर हैं। मृतक नल फिटिंग का मिस्त्री था। मृतक अवधेश की मौत से उसकी मां कुशमा व मृतक सुरेश की मां भवानी बाई सहित स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल दिनेश सिंह ने बताया कि मृतक सुरेश के भाई व मृतक अवधेश के पिता की तहरीर पर अज्ञात गाड़ी चालक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
