विधायक का फोन बजने से नाराज विधानसभा अध्यक्ष ने मोबाइल जब्त करने का दिया निर्देश
Fri, 27 May 2022
यूपी में विधान मंडल सत्र की कार्यवाही के दौरान विधायकों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष के आसन के समीप आकर सेल्फी लेने और फोन बजने से नाराज विधानसभा अध्यक्ष ने चीफ मार्शल को मोबाइल फोन जब्त कर लेने का निर्देश दे दिया। विधायक मंडप में आकर हंगामे की तस्वीर ले रहे थे। इसके अलावा, एक विधायक का फोन बजने से भी वह नाराज थे। उनके इस निर्देश से विधायकों में खलबली मच गई।
प्रदेश में 23 मई से विधानमंडल सत्र चल रहा है। गुरुवार को सदन में बजट पेश किया गया था जिस पर सवाल-जवाब हो रहा था तभी एक विधायक का फोन बजने से विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना नाराज हो गए और चीफ मार्शल को ऐसा फिर होने पर विधायकों का फोन जब्त करने का निर्देश दे दिया।
विधायक बीच-बीच में आसन के नजदीक जाकर सेल्फी ले रहे थे और हंगामा होने पर तस्वीरें भी ले रहे थे। इससे सदन की कार्यवाही बाधित हो रही थी। विधायकों की इन हरकतों से आजिज आकर अध्यक्ष ने इस पर नाराजगी जताई और कहा कि ऐसा होने पर विधायकों के फोन जब्त कर लिए जाएंगे।
उन्होंने चीफ मार्शल को निर्देश दिया कि इस तरह का व्यवहार करने पर किसी भी विधायक का फोन जब्त करने में संकोच न करें।
